Views: 0
जनजातीय गौरव दिवस पर राष्ट्र ने किया भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस और बलिदान को याद, छह राज्यों के जनजातीय कलाकारों ने लोकसंस्कृति की छटा बिखेरी
Amar sandesh नई दिल्ली, 15 नवंबर।भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति श्री सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला तथा केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल सहित संसद सदस्यों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर देश के महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया। ब्रिटिश हुकूमत के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर उनके अधिकारों, सम्मान और पहचान की लड़ाई लड़ने वाले बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में स्थापित हैं।
उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में भगवान बिरसा मुंडा को साहस और प्रतिरोध का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध जनजातीय समुदाय का नेतृत्व किया और उनके अधिकारों, गरिमा तथा पहचान के लिए आवाज बुलंद की। उनके ‘उलगुलान’ के ओजस्वी आह्वान ने स्वतंत्रता और न्याय के संघर्ष को सशक्त स्वर प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की अमिट विरासत के साथ-साथ भारत के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समुदायों के अमूल्य योगदान का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने जनजातीय समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाली लोककलाओं की प्रस्तुतियों को भी प्रेरणादायक बताया।
गौरतलब है कि जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से वर्ष 2021 से प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को समर्पित है। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समुदायों ने अनेक आंदोलनों और संघर्षों के माध्यम से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। जनजातीय गौरव दिवस उनके गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है।
कार्यक्रम के दौरान संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर विभिन्न राज्यों के छह जनजातीय लोक कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया। इन प्रस्तुतियों ने देश की विविधतापूर्ण जनजातीय संस्कृति, लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक पेश की।
यह आयोजन न केवल भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय संघर्ष और बलिदान को नमन करने का अवसर बना, बल्कि देश की आजादी और विकास में जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने तथा नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण संदेश दे गया।
Related