Thursday, November 26, 2026
Latest:
दिल्लीराष्ट्रीयहमारी संस्कृति

पहाड़ के दर्द, पलायन की पीड़ा और अपनी मिट्टी की पुकार को पर्दे पर उतारेगी गढ़वाली फिल्म ‘सुपन्यू’, 27 नवंबर से दिल्ली-NCR में होगी रिलीज

खाली होते गांवों और वीरान पड़ते स्कूलों की कहानी है ‘सुपन्यू’, निर्माता कौशल मणि ढोंडियाल की भावनात्मक पहल को मिला उत्तराखंड फिल्म जगत का साथ

एक फिल्म, पहाड़ का दर्द और घर लौटने की उम्मीद! ‘सुपन्यू’ में दिखेगी पलायन की सच्ची तस्वीर

 

 अमर चंद

नई दिल्ली। पहाड़ की मिट्टी से जुड़ी यादें, गांवों की वीरान होती गलियां, खाली पड़ते स्कूल और रोजगार की तलाश में महानगरों की ओर पलायन करते लोगों की जिंदगी। उत्तराखंड की इन्हीं भावनाओं और सामाजिक सरोकारों को बड़े पर्दे पर जीवंत करने जा रही है नई गढ़वाली फिल्म ‘सुपन्यू’। यह फिल्म केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तराखंड के गांवों की बदलती तस्वीर, अपनी जन्मभूमि से दूर रहने वाले प्रवासियों की भावनाओं और अपनी जड़ों की ओर लौटने की उम्मीद को भी दर्शाती है। ट्विंकल फिल्म्स के बैनर तले निर्मित यह फिल्म आगामी शुक्रवार, 27 नवंबर से दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने जा रही है।

इसी फिल्म के निर्देशक, उत्तराखंड फिल्म जगत के जाने-माने निर्माता, निर्देशक, लेखक एवं कलाकार आदरणीय देबू रावत का जन्मदिन बसंत कुंज, नई दिल्ली स्थित सिल्वन शेफ फार्म्स एंड बैंक्वेट में केक कटिंग एवं भव्य समारोह के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड फिल्म जगत के निर्माता, निर्देशक, कलाकार, संगीतकार, गीतकार, पत्रकार, समाजसेवी एवं अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में देबू रावत को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के साथ-साथ उनकी निर्देशित फिल्म ‘सुपन्यू’ को लेकर भी विशेष चर्चा हुई।

गांव के खाली होते स्कूलों की पीड़ा ने फिल्म निर्माण के लिए किया प्रेरित

अमर संदेश से विशेष बातचीत में फिल्म के निर्माता कौशल मणि ढोंडियाल ने बताया कि ‘सुपन्यू’ के निर्माण के पीछे उनका उद्देश्य केवल एक फिल्म बनाना नहीं, बल्कि पहाड़ के गांवों की वास्तविक स्थिति और पलायन की गंभीर समस्या को समाज के सामने लाना है। उन्होंने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए बताया कि जिस गांव और परिवेश में उन्होंने शिक्षा प्राप्त की, वहां कभी बच्चों की अच्छी-खासी संख्या हुआ करती थी। बचपन में उन्हें लगभग 20 किलोमीटर पैदल चलकर पढ़ाई के लिए जाना पड़ता था। लेकिन आज वही स्कूल लगभग खाली हो चुका है। जहां कभी बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ते थे, वहां अब महज 20-25 बच्चे ही रह गए हैं।

उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि गांवों में पर्यटन की अपार संभावनाएं होने के बावजूद अपेक्षित सुविधाओं और योजनाओं का अभाव है। रोजगार एवं बेहतर भविष्य की तलाश में लोग लगातार गांव छोड़कर शहरों की ओर जा रहे हैं। गांवों की यह स्थिति उन्हें भीतर तक विचलित करती है। इसी पीड़ा और अपनी जन्मभूमि के प्रति लगाव ने उन्हें फिल्म ‘सुपन्यू’ बनाने के लिए प्रेरित किया।

कौशल मणि ढोंडियाल के अनुसार, फिल्म की शूटिंग उनके अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में की गई है। उनकी कोशिश है कि इस फिल्म के माध्यम से पहाड़ के गांवों की वास्तविक तस्वीर सामने आए, पर्यटन की संभावनाओं को पहचान मिले तथा लोगों में अपनी जन्मभूमि से जुड़ाव और रिवर्स पलायन के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो। उनका मानना है कि यदि गांवों में रोजगार, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं को बढ़ावा मिले तो लोग अपनी जड़ों की ओर लौटने के लिए प्रेरित हो सकते हैं।

अनुभवी फिल्मकारों और कलाकारों की सशक्त टीम ने तैयार की ‘सुपन्यू’

ट्विंकल फिल्म्स के बैनर तले निर्मित ‘सुपन्यू’ के निर्माता कौशल मणि ढोंढियाल हैं, जबकि सह-निर्मात्री की जिम्मेदारी श्रीमती पुष्पा ढोंडियाल ने निभाई है। फिल्म के कार्यकारी निर्माता अजय बिष्ट हैं और इसका निर्देशन उत्तराखंड फिल्म जगत के प्रसिद्ध निर्देशक देबू रावत ने किया है। राजेंद्र नेगी ने सहायक निर्देशक की भूमिका निभाई है।

फिल्म में उत्तराखंड के कई अनुभवी एवं चर्चित कलाकारों ने अभिनय किया है। प्रमुख भूमिकाओं में अजय सिंह बिष्ट, राजेश जोशी और अनुज कंडारी सहित अन्य प्रतिभाशाली कलाकार नजर आएंगे। फिल्म में विजयलक्ष्मी नौटियाल ने भी महत्वपूर्ण किरदार निभाया है। फिल्म की कहानी गांव से दिल्ली तक के सफर, पहाड़ की यादों, पारिवारिक रिश्तों, सामाजिक बदलावों और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने की भावना को दर्शाती है।

दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख सिनेमाघरों में 27 नवंबर से प्रदर्शन

फिल्म का प्रदर्शन दिल्ली-एनसीआर के जयपुरिया मॉल, इंदिरापुरम, मिराज सिनेमा, चांद त्रिलोकपुरी, लॉजिक्स मॉल, नोएडा, पीवीआर अनुपम, साकेत तथा पीवीआर वेगास मॉल, द्वारका सहित प्रमुख सिनेमाघरों में होगा। फिल्म की टीम को उम्मीद है कि दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले उत्तराखंडी दर्शक इस फिल्म को भरपूर प्यार और समर्थन देंगे।

जन्मदिन समारोह में उत्तराखंड फिल्म जगत की हस्तियों का रहा जमावड़ा

देबू रावत के जन्मदिन समारोह में उत्तराखंड फिल्म जगत से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर फिल्म के निर्माता कौशल मणि ढोंडियाल, सह-निर्मात्री श्रीमती पुष्पा ढोंडियाल, कार्यकारी निर्माता अजय बिष्ट, प्रेम सिंह, सुभाष गुसाईं, बी.एस. नेगी, पवन गुसाईं तथा निर्देशक शिशिर उनियाल मौजूद रहे।

वहीं फिल्म के नायक अनुज कंडारी, उत्तराखंड फिल्मों के सुप्रसिद्ध अभिनेता राजेश मालगुडी और फिल्म में महत्वपूर्ण किरदार निभाने वाली विजयलक्ष्मी नौटियाल ने भी समारोह की शोभा बढ़ाई। प्रसिद्ध गायिका ऊषा भट्ट तथा फिल्म के सुपरहिट संगीतकार एवं गीतकार वीरेंद्र नेगी राई की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

इसके अतिरिक्त निर्माता गजेंद्र चौहान, श्रीमती रिया शर्मा, फिल्मों केज्ञनिर्माता-निर्देशक राकेश गौड़ सहित उत्तराखंड समाज और फिल्म जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अमर चंद भी मौजूद रहे।

समारोह में सभी ने निर्देशक देबू रावत को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही फिल्म ‘सुपन्यू’ की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए फिल्म की सफलता की कामना की।

‘सुपन्यू’ के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, पहाड़ का सामाजिक जीवन, पलायन की पीड़ा और अपनी जन्मभूमि के प्रति प्रेम को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। अब देखना होगा कि उत्तराखंड की मिट्टी से जुड़ी यह कहानी दिल्ली-एनसीआर के सिनेमाघरों में दर्शकों के दिलों में कितनी जगह बनाती है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

15 − thirteen =