दिल्ली

दिल्ली को शीघ्र मिलेगा भाजपा महापौर, ट्रिपल इंजन की सरकार से पुनः प्रारम्भ होंगी निगम सेवाएं” – वीरेन्द्र सचदेवा

 

Amar sandesh नई दिल्ली।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने आज एक प्रेस वक्तव्य में कहा कि दिल्ली को शीघ्र ही भाजपा का महापौर मिलने जा रहा है, जिससे केंद्र, विधानसभा और नगर निगम में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पूरी तरह सक्रिय हो जाएगी। इसके साथ ही, दिल्लीवासियों को सुचारू और प्रभावी निगम सेवाएं पुनः प्राप्त होंगी।

श्री सचदेवा ने आम आदमी पार्टी (आप) पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि नगर निगम चुनाव न लड़ने की “आप” की घोषणा कोई राजनीतिक त्याग नहीं, बल्कि अपनी सुनिश्चित हार की पूर्व-स्वीकृति है। उन्होंने कहा कि “आप” नेतृत्व अब अपनी प्रशासनिक विफलताओं का दोष भाजपा पर मढ़ने की कोशिश कर रहा है, जो हास्यास्पद और दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि सौरभ भारद्वाज एवं आतिशी मार्लेना द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा पर पार्षदों की तोड़फोड़ कर सत्ता पाने का आरोप लगाना न केवल निराधार है बल्कि यह “आप” के नेतृत्व की हताशा को दर्शाता है।

“जनता के प्रति जवाबदेही निभाना चाहते थे ‘आप’ पार्षद”

भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि 2022 में “आप” के टिकट पर जीतकर आए अधिकांश निगम पार्षद जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना चाहते थे, लेकिन “आप” के नेताओं ने पिछले ढाई वर्षों से नगर निगम का गठन ही नहीं होने दिया। इसके चलते निगम के सभी विकास कार्य, रखरखाव और प्रशासनिक गतिविधियां ठप हो गईं।

उन्होंने कहा कि “आप” नेतृत्व द्वारा नगर निगम गठन में रुकावट और प्रशासनिक अस्थिरता से निराश होकर कई पार्षदों ने पार्टी को छोड़ने का निर्णय लिया। यह कदम उन्होंने दिल्लीवासियों की सेवा और अपनी जवाबदेही निभाने की भावना से उठाया है।

“ट्रिपल इंजन सरकार से बौखलाया है ‘आप’ नेतृत्व”

श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में पहली बार सातों लोकसभा सांसदों, केंद्र सरकार, विधानसभा और अब नगर निगम में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार बनने जा रही है। यह तथ्य “आप” नेतृत्व को बर्दाश्त नहीं हो रहा है, जिससे वह निरंतर झूठे आरोपों और साजिशों का सहारा ले रहा है।
भाजपा अध्यक्ष ने दिल्ली की जनता को भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी शीघ्र ही नगर निगम में स्थिरता, पारदर्शिता और जनसेवा को प्राथमिकता देने वाली व्यवस्था बहाल करेगी।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *