दिल्लीराष्ट्रीय

प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर गुरुग्राम में दिखा जोश, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और सीएम नायब सैनी ने किया पौधारोपण, बांटे आयुष्मान कार्ड

Amar sandesh चंडीगढ़/दिल्ली, 29 जून।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को लेकर रविवार को गुरुग्राम के बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विशेष आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली ने जनसामान्य के साथ मिलकर भाग लिया। कार्यक्रम जीएनएच कन्वेंशन सेंटर, बूथ नंबर 408 में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ नेता राव नरबीर सिंह, सुधा यादव, सुरेंद्र पूनिया, मुकेश शर्मा, बिमला चौधरी, तेजपाल तंवर, सर्वप्रिय त्यागी, प्रदीप भंडारी, राजीव जेटली, अरविंद सैनी, संदीप जोशी, उषा प्रियदर्शी, अरुण यादव और पार्षद कुलदीप यादव सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के उपरांत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री सैनी और प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने वाटिका चौक पर पौधारोपण किया। साथ ही, नड्डा ने आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र नागरिकों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए।

जेपी नड्डा ने कहा कि “प्रकृति का संरक्षण हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है। एक पेड़ मां के नाम अभियान भावनात्मक जुड़ाव और पर्यावरण सरंक्षण का अनुपम संगम है। प्रधानमंत्री मोदी देश को ‘विकसित भारत’ की दिशा में एकजुट कर रहे हैं और ‘मन की बात’ इसके लिए एक प्रेरक माध्यम बन चुका है।”

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के कोने-कोने में रहने वाले उन नागरिकों के अनुभव साझा करते हैं जो अपने-अपने स्तर पर राष्ट्रहित में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। यह कार्यक्रम आमजन और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहनलाल बड़ौली ने कहा, “एक पेड़ मां के नाम अभियान संवेदना, संस्कार और सेवा का प्रतीक है। हरियाणा भाजपा परिवार संकल्प ले चुका है कि हर कार्यकर्ता अपनी मां के नाम एक पौधा लगाएगा और उसकी देखरेख करेगा।”

प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इस बार आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, मेघालय-बोडोलैंड के नवाचार, देश की सांस्कृतिक यात्राएं, और संविधान की रक्षा में योगदान देने वाले लोकतंत्र सेनानियों को विशेष रूप से स्मरण किया गया। सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम की सफल आयोजन व्यवस्था के लिए गुरुग्राम नगर निगम पार्षद कुलदीप यादव और उनकी टीम को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आभार व्यक्त किया।

Share This Post:-
Post Views: 45 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *