उत्तराखण्डराष्ट्रीय

सामाजिक शिक्षा व लोक संस्कृति का महासंगम ‘मिलनसार महोत्सव-2026’ संपन्न

सी एम पपनै

ताड़ीखेत (उत्तराखंड)।उत्तराखंड के रमणीक प्रसिद्ध कस्बे ताड़ीखेत के श्रद्धानन्द स्टेडियम में 25 अक्टूबर को निरंतर ख्याति की ओर अग्रसर सांस्कृतिक और सामाजिक समिति ‘मिलनसार’ की पांचवी वर्षगांठ पर कुमाऊं अंचल की लोक संस्कृति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन समिति अध्यक्षा उर्मिला माहरा की अध्यक्षता तथा मुख्य अतिथि रानीखेत भाजपा विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, अति विशिष्ठ अतिथि श्रम संविदा बोर्ड उत्तराखंड सरकार अध्यक्ष कैलाश पंत, पूर्व विधायक व कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, विशिष्ठ अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रदीप कुमार बिष्ट तथा बबली माहरा के साथ-साथ क्षेत्र के अनेकों पंचायत सदस्यों, दर्जनों स्थानीय गांवों के ग्राम प्रधानों व ग्रामवासियों, स्थानीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व शिक्षकों, बड़ी संख्या में उपस्थित मीडिया कर्मियों की प्रभावी उपस्थिति में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा सम्मान समारोह का आयोजन आयोजित किया गया।

आयोजित आयोजन का श्रीगणेश ताड़ीखेत ग्वेल ज्यू मंदिर से श्रद्धानंद स्टेडियम तक महिलाओं की कलश यात्रा, मुख्य व विशिष्ट अतिथियों के साथ-साथ समित संरक्षक मदन सिंह माहरा, अध्यक्षा उर्मिला माहरा व समिति से जुड़े पदाधिकारियों में प्रमुख आनंद सिंह माहरा, बालम सिंह करायत, पनीराम, हेमंत माहरा, रमेश खनायत, राजेंद्र सिंह नेगी इत्यादि इत्यादि के कर कमलों दीप प्रज्वलित कर तथा स्थानीय महिलाओं द्वारा अंचल के सुप्रसिद्ध शगुन आंखर की गूंजती स्वर लहरियों में किया गया।

आयोजित महोत्सव के इस पावन अवसर पर गठित ‘मिलनसार’ समिति अध्यक्षा उर्मिला माहरा तथा समिति संरक्षक मदन सिंह माहरा द्वारा मुख्य व विशिष्ट अतिथियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महोत्सव में पहुंचे अतिथियों, जिला पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों व इर्द गिर्द गांवों के जनमानस का हार्दिक स्वागत अभिनन्दन किया गया। समिति के उद्देश्यों के बाबत सादर अवगत कराया गया।

आयोजित महोत्सव के इस पावन अवसर पर मुख्य व अति विशिष्ट तथा विशिष्ट अतिथियों का स्वागत अभिनन्दन मिलनसार समिति पदाधिकारियों उर्मिला माहरा, मदन सिंह माहरा, पनीराम, रमेश खनायत, हेमंत माहरा, राजेंद्र नेगी, गजेन्द्र नेगी, कमलेश माहरा, कमल माहरा, रामसिंह कार्की , हिमांशु फर्त्याल, गोपाल सिंह जामताल, शिवराज सिंह नेगी इत्यादि इत्यादि द्वारा पुष्पमाला पहनाकर, शाल ओढ़ा कर तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया गया।

मिलनसार समिति द्वारा पहली बार समाज सेवा व विभिन्न क्षेत्रों व विधाओं में प्रवीण विभूतियों को शरद रत्न तथा पहाड़ रत्न से सम्मानित किया गया। पहाड़ रत्न से सम्मानित होने वाली विभूतियों में चंद्र मोहन पपनै (वरिष्ठ पत्रकार), इंद्र आर्या (लोकगायक), सौरभ कांडपाल, राज भट्ट (दिल्ली), कमल फर्त्याल, संजीव बिष्ट क्रमशः सभी समाज सेवी मुख्य रहे।

अन्य सम्मान से सम्मानित होने वाली महिलाओं में तारा नेगी तथा मनोरमा मनराल को निः स्वार्थ भाव जन स्वास्थ सेवा व उमा रावत को अपने स्वयं के बल उत्तराखंड के अनेकों प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित उत्पादों पर कार्य कर महिलाओं को रोजगार देने व उक्त निर्मित जैविक उत्पादों को बाजार देने हेतु, अपार तालियों की गड़गड़ाहट के मध्य सम्मानित किया गया।

समिति द्वारा सम्मानित किए गए अन्य प्रमुख जनों में स्थानीय स्कूलों के प्रधानाचार्यों का शाल ओढ़ा कर, पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। जिला पंचायत व ब्लॉकों से जुड़े रहे रेनू बिष्ट, सोनी भगत, बबली मेहरा, दीपक करगेती, बीना बिष्ट, शांति उप्रेती तथा धन सिंह रावत, समाजसेवी क्रमशः विमला रावत, दीप पांडे, दीप भगत इत्यादि इत्यादि का भी आयोजकों द्वारा सम्मान किया गया।

आयोजित मिलनसार महोत्सव के इस अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय के कैडेट की टीम द्वारा बैंड की खनकती धुन में मार्च पास्ट तथा स्थानीय मांगल दल महिलाओं के मांगल गीतों की कर्णप्रिय स्वर लहरियों में भव्यता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। स्थानीय ताड़ीखेत के स्कूलों में प्रमुख जी जी आई सी, जवाहर नवोदय विद्यालय, डी ए वी, माउंट सिनाई स्कूल (धमाइजर), पी एम श्री स्कूल तथा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के साथ-साथ संस्कार टोली अल्मोड़ा व इंद्र आर्या की टीम दिल्ली द्वारा अंचल की बोली-भाषा में गीत, संगीत, नृत्य व लघु नाटकों का प्रभावशाली मंचन किया गया।

स्थानीय उत्साही गायकों शांति बिष्ट ग्राम पोखरी के कर्णप्रिय गीत-
यो डाना बासी न्योली घुघुति
ऊ डाना बास कफुआ…।
तथा प्रकाश लोकगायक के लोकगीत व स्थानीय स्कूली बाल कलाकारों के नृत्यों ने खचाखच भरे पंडाल में उपस्थित अतिथियों व दर्शकों को बहुत प्रभावित किया। जवाहर नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों की योगा टीम की अद्भुत योग विधाओं ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी। संस्कार टोली अल्मोड़ा द्वारा लोकगायन व वादन में प्रस्तुत विभिन्न प्रकार के नृत्यों की कोरियोग्राफी ने बहुत प्रभावित किया। गायक इंद्र आर्या के गीतों ने दर्शकों को झूमने को मजबूर किया, सबका मन मोहा।

आयोजित मिलनसार महोत्सव के इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल द्वारा अपने संबोधन में मिलनसार समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। संस्था को अच्छी आर्थिक मदद का आश्वासन दिया गया। स्थानीय विधायक द्वारा अपने विधान सभा क्षेत्र के विकास कार्यों से जुड़ी कुछ विभिन्न योजनाओं के बावत भी अवगत कराया गया।

आमंत्रित अति विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री कैलास पंत द्वारा कहा गया, जिस देश की संस्कृति आगे बढ़ती है वह देश तरक्की के पथ पर सदा अग्रसर रहता है। संस्कृति हमें अतीत की याद दिलाती है। हम सबको चाहिए अपनी संस्कृति का संरक्षण करे संवर्धन करे।

स्थानीय पूर्व विधायक व कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा द्वारा अपने संबोधन में भव्य महोत्सव आयोजित करने हेतु मिलनसार समिति पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी गई। कहा गया, स्थानीय ग्रामीण स्तर पर महोत्सव आयोजित करने का यह प्रभावी प्रयास है। यह अध्यात्म की भूमि है, अंचल की लोक संस्कृति के भव्य दर्शन हो रहे हैं। सबकी खुशहाली की कामना तथा बच्चों के संस्कारी बनने की कामना के साथ करन माहरा ने अपना संबोधन समाप्त किया।

प्रातः नौ बजे महिलाओं की प्रभावी कलश यात्रा से शुरू हुआ मिलनसार महोत्सव-2026 सायं पांच बजे गायक इंद्र आर्या के मधुर व लुभावने गीत गायन व फूलों की वर्षा के साथ तथा मिलनसार समिति अध्यक्षा उर्मिला माहरा द्वारा रामलीला कमेटी ताड़ीखेत के साथ-साथ राजवंश ज्वेलर व कमल स्वीट हाउस (हल्द्वानी), संजीव बिष्ट हिम फाउंडेशन व संजीव रावत (देहरादून), महेंद्र सिंह महरा इत्यादि इत्यादि के द्वारा दिए गए आर्थिक सहयोग के प्रति आभार प्रकट किया गया आयोजन समाप्ति की घोषणा की गई।
आयोजित प्रभावशाली महोत्सव का मंच संचालन आनंद सिंह माहरा व बालम सिंह करायत द्वारा बखूबी किया गया।

Share This Post:-