दिल्लीराज्यराष्ट्रीय

निगम के बकाए फंड की मांग को लेकर कल भाजपा आम आदमी पार्टी विधायकों के आवास के बाहर प्रदर्शन करेगी

नई दिल्ली, 11 दिसम्बर। दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी दिल्ली सरकार पर निगम का बकाया फंड जारी करवाने का दबाव बनाने के लिए अब इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएगी। दिल्ली भाजपा महामंत्री हर्ष मल्होत्रा और प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर ने आज मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रेस वार्ता कर बताया कि कल प्रदेश पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर आम आदमी पार्टी के 62 विधायकों के आवास के बाहर  कल फंड जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करेंगे। वहीं भाजपा के 8 विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र के मुख्य चौराहों पर प्रदर्शन करेंगे और वार्ड पार्षद भी हर वार्डों में प्रदर्शन कर केजरीवाल सरकार से निगम का बकाया 13000 करोड़ रुपए देने की मांग करेंगे। इस बीच मुख्यमंत्री आवास के बाहर तीनों नगर निगम के मेयरों और निगम नेताओं का धरना आज पांचवें दिन भी जारी है। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार उपस्थित थे। 

प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि नगर निगम वर्षों से दिल्ली को सभी मूलभूत सुविधाएं देती आ रही है। केजरीवाल सरकार द्वारा फंड रोके जाने के कारण निगम के दैनिक कार्य और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री केजरीवाल ऐसे पहले मुख्यमंत्री होंगे जो विकास कार्यों के लिए निकायों को पैसे नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने स्वास्थ्य, पेंशन, शिक्षा, स्वच्छता, साफ-सफाई, सड़क निर्माण, पार्कों की देखरेख जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास को रोक दिया है। निगम का काम प्रभावित ना हो इसलिए सोमवार से निगम का कार्यालय मुख्यमंत्री आवास के बाहर ही शुरू किया जाएगा।       
प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर ने कहा कि 13000 करोड़ रुपए को अगर 272 वार्डों में बांटा जाए तो 25 से 30 करोड़ रुपए प्रति वार्ड का बनती हैं और अगर आधा पैसा भी लगाया जाए तो प्रत्येक वार्ड को विकास कार्यो के लिए 15 करोड़ रुपए मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 5 दिनों से धरने पर निगम नेताओं में महिलाएं भी बैठी हुई हैं जिन्हें रात को खुली सड़क पर सोना पड़ता है लेकिन मुख्यमंत्री केजरीवाल में इतनी भी इंसानियत और मानवता नहीं बची की वह अपने आवास से बाहर निकल कर उनसे मिलें। उन्होंने कहा कि विचारों का मतभेद हो सकता है लेकिन मनभेद करके मुख्यमंत्री केजरीवाल दिल्ली को ही नुकसान पहुंचा रहे हैं।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *