सिंधुदुर्ग में दर्दनाक हादसा: पिकनिक के दौरान एक ही परिवार के तीन लोग समुद्र में डूबे, चार अब भी लापता
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में शुक्रवार को पिकनिक मनाने गए एक ही परिवार के आठ सदस्यों पर दुखद हादसा घट गया। अरब सागर में नहाने के दौरान तीन लोगों की डूबकर मौत हो गई, जबकि चार अन्य अब भी लापता हैं। स्थानीय पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा है।
यह घटना शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे शिरोडा-वेलाघर समुद्र तट पर हुई, जो मुंबई से लगभग 490 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार के सभी आठ सदस्य समुद्र में नहाने के लिए उतरे थे, लेकिन पानी की गहराई का सही अनुमान न लगा पाने के कारण वे तेज लहरों में बह गए।
जिला प्रशासन और स्थानीय बचावकर्मियों ने तत्काल अभियान शुरू किया, जिसके तहत तीन शवों को बरामद किया गया, जबकि एक 16 वर्षीय लड़की को सकुशल बचा लिया गया। देर शाम तक लापता चार लोगों की तलाश जारी रही।
मृतकों की पहचान फरीन इरफान कित्तूर (34), इबाद इरफान कित्तूर (13) और नमीरा आफताब अख्तर (16) के रूप में हुई है। वहीं, लापता व्यक्तियों में इफरान मोहम्मद कित्तूर (36), इकवान इमरान कित्तूर (15), फरहान मनियार (25) और जाकिर निसार मनियार (13) शामिल हैं।
स्थानीय प्रशासन ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए लोगों से समुद्र तटों पर सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने बताया कि बचाव अभियान शनिवार सुबह तक भी जारी रहेगा।