Post Views: 0
Amar sandesh नई दिल्ली।भारत के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने अपने आधिकारिक फ्लीट में टाटा इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल करते हुए स्थिरता को बढ़ावा देने और कार्बन फुटप्रिंट कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। इस पहल के तहत बैंक ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों के उपयोग के लिए 12 टाटा नेक्सन ईवी वाहनों को शामिल किया है, जो हरित भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय दृष्टिकोण अपनाते हुए इस ईवी फ्लीट को बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों और टाटा मोटर्स के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र, कार्यपालक निदेशक एम. परमशिवम, विष्णु प्रसाद महापात्र, डी. सुरेंद्र और अमित कुमार श्रीवास्तव द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) विशेष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को अपनाकर पीएनबी का लक्ष्य ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करना, जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटाना और स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण में योगदान देना है। उन्होंने इसे बैंक के व्यापक पर्यावरण, सामाजिक और गवर्नेंस (ईएसजी) लक्ष्यों के अनुरूप बताया, जो भारत के सतत विकास के विजन से जुड़ा हुआ है।
पीएनबी ने स्पष्ट किया कि वह अपनी मुख्य गतिविधियों में स्थिरता को शामिल करने और बैंकिंग उद्योग में एक उदाहरण प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस पहल के प्रमुख उद्देश्य:इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के जरिए भारत के हरित परिवर्तन को समर्थन देना,बैंकिंग प्रणाली में टिकाऊ प्रथाओं को बढ़ावा देना,कर्मचारियों और हितधारकों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस कदम के साथ पीएनबी ने एक जिम्मेदार संगठन के रूप में अपनी भूमिका को और मजबूत किया है, जो स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य की दिशा में सक्रिय योगदान दे रहा है।
Like this:
Like Loading...
Related