राष्ट्रीय

डीडीए और एनबीसीसी के बीच भारत वंदना पार्क, द्वारका के विकास हेतु पूरक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

Amar sandesh नई दिल्ली।दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) और एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने भारत वंदना पार्क, सेक्टर-20, द्वारका के विकास से संबंधित मूल करार के विस्तार के लिए 30 जनवरी 2026 को एक पूरक समझौता ज्ञापन (MoU) पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए। इस समझौते के अंतर्गत एनबीसीसी परियोजना प्रबंधन सलाहकार (पीएमसी) के रूप में अपनी भूमिका जारी रखेगा।
विस्तारित करार के तहत एनबीसीसी को अंतरिम प्रचालन एवं अनुरक्षण (ओ एंड एम) की जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। इसके अंतर्गत एक समर्पित ओ एंड एम एजेंसी का चयन एवं ऑनबोर्डिंग शामिल है, ताकि जनता के लिए पार्क के चरणबद्ध उद्घाटन के दौरान उसका सुचारू, सुरक्षित और प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके। एनबीसीसी, एजेंसी के ऑनबोर्ड होने के बाद प्रारंभिक दो वर्षों तक व्यापक कार्यान्वयन सहयोग प्रदान करेगा, जिसमें एक वर्ष की दोष दायित्व अवधि भी शामिल होगी। इससे परिसंपत्तियों की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं दीर्घकालिक संधारणीयता सुनिश्चित होगी।
यह पूरक समझौता ज्ञापन डीडीए और एनबीसीसी के उस साझा दृष्टिकोण को रेखांकित करता है, जिसके तहत उन्नत आगंतुक सुविधाओं, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रभावी प्रचालन प्रबंधन के साथ एक उत्कृष्ट शहरी हरित क्षेत्र का निर्माण किया जाना है। यह निरंतर सहयोग शेष विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने और सार्वजनिक अवसंरचना के उच्च मानकों को बनाए रखने के प्रति दोनों संस्थाओं की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
भारत वंदना पार्क को एक अद्वितीय मनोरंजन एवं सांस्कृतिक स्थल के रूप में परिकल्पित किया गया है, जो भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हुए नागरिकों एवं पर्यटकों को विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करेगा। डीडीए और एनबीसीसी के बीच यह नवीकृत साझेदारी इस परिकल्पना को साकार करने तथा पार्क के दीर्घकालिक संचालन में उत्कृष्टता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *