राज्यराष्ट्रीयहिमाचल प्रदेश

कौशल विकास आदर्श राज्य के रूप में उभरेगा हिमाचल : मुख्यमंत्री

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश शीघ्र ही कौशल विकास में देश में आदर्श राज्य के रूप में उभरेगा। मुख्यमंत्री नई दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में बिलीव इण्डिया, राष्ट्रीय कौशल विकास निगम तथा स्वयंसेवी संस्था ‘स्वाका स्किल्ज’ द्वारा आयोजित स्किल इण्डिया पैविलियन के समापन समारोह ‘वर्ल्ड ऑन प्लैटर’ के अवसर पर बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं का कौशल उन्नयन करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर बल देगी, ताकि युवाओं के सशक्तिकरण के लिए स्वरोज़गार के अवसर प्रदान हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार एक योजना बनाने के बारे में सोच रही हैं, जिसमें स्किल इण्डिया के अन्तर्गत प्रत्येक जिले के लिए ब्रॉंड उत्पादों को चिन्हित कर  प्रोत्साहित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं पर विशेष ध्यान दे रही है तथा प्रदेश में युवा आबादी 35.25 प्रतिशत है, जो कि राष्ट्रीय स्तर पर 34.80 प्रतिशत के मुकाबले अधिक है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने कौशल विकास तथा उद्यमिता के लिए राष्ट्रीय नीति बनाई है, जिससे देश में चल रही सभी कौशल विकास गतिविधियों की एक रूपरेखा तैयार की जाएगी तथा इन्हें सामान्य मानकों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस नीति से कौशल विकास गतिविधियां को मांग केन्द्रों से भी जोड़ा जाएगा। इसी तर्ज पर राज्य सरकार ने भी प्रदेश में कौशल विकास के प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए कौशल विकास नीति प्रस्तावित की है। कौशल विकास भत्ता योजना के अन्तर्गत 156 करोड़ रुपये की राशि प्रदान कर 1,85,326 लोगों को लाभान्वित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने अन्तरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन के दौरान स्किल इण्डिया द्वारा किए गए प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिय आयोजकों की सराहना की तथा कहा कि यह आयोजन कुशल युवाओं को सशक्त बनाएगा तथा उन्हें रोजगार के अवसर व अनुभव प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने पैबेलियन में स्थापित सभी स्टॉलों का दौरा किया तथा आयोजकों से बातचीत की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के स्टॉल का दौरा किया तथा इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।

राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के राज्य प्रमुख जयकान्त सिंह ने निगम की गतिविधियों के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि निगम प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि के उद्देश्य से प्रायोगिक आधार पर एक परियोजना पर कार्य करेगा।

 

इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सुख राम चौधरी, पूर्व विधायक बलदेव तोमर, तेलंगाना राज्य के भाजपा प्रमुख डॉ. के. लक्षमण तथा जेट एयरेवज की निदेशक सुश्री नम्रता गोयल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *