कारोबारदिल्लीराष्ट्रीय

एसजेवीएन लिमिटेड: एमएसएमई सशक्तिकरण हेतु विशेष विक्रेता विकास सम्मेलन 2026 का सफल आयोजन

Amar sandesh नई दिल्ली। एसजेवीएन लिमिटेड ने आज नई दिल्ली में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए विशेष विक्रेता विकास सम्मेलन 2026 का सफल आयोजन किया। कार्यक्रम में कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा, निदेशक (वित्त) सिपन कुमार गर्ग, कार्यकारी निदेशक/एचओडी (मानव संसाधन) चंद्रशेखर यादव सहित शिमला स्थित कॉर्पोरेट मुख्यालय, दिल्ली संपर्क कार्यालय एवं अन्य संबद्ध संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।अपने उद्घाटन संबोधन में भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि विशेष विक्रेता विकास सम्मेलन 2026 नई साझेदारियों को प्रोत्साहित करने, नए अवसरों के द्वार खोलने और सहयोग को सुदृढ़ करने में उत्प्रेरक की भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 से अब तक एसजेवीएन द्वारा 36 विक्रेता विकास सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं, जो विक्रेताओं के सशक्तिकरण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने एससी/एसटी तथा महिला स्वामित्व वाले एमएसएमई को मुख्यधारा की आर्थिक व्यवस्था में जोड़ने और कंपनी की खरीद प्रक्रियाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया।
निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने कहा कि कंपनी एमएसएमई के साथ सक्रिय रूप से जुड़कर सार्वजनिक खरीद के लाभों को एमएसई विशेषकर एससी/एसटी और महिला उद्यमों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ये पहल आत्मनिर्भर, भविष्य उन्मुख और समावेशी एमएसएमई नेटवर्क के निर्माण में सहायक हैं, जो आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करती हैं।
निदेशक (वित्त) सिपन कुमार गर्ग ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले एमएसएमई के साथ घनिष्ठ सहयोग के लिए एसजेवीएन प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में एमएसएमई की महत्वपूर्ण भूमिका होगी, जैसा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा परिकल्पित किया गया है। उन्होंने ज्ञान साझेदारी और श्रेष्ठ प्रथाओं के आदान-प्रदान के लिए सहयोगात्मक मंच विकसित करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन) चंद्रशेखर यादव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, सहभागी विक्रेताओं तथा विभिन्न संस्थाओं से आए अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मेलन खरीद प्रक्रियाओं को सुगम बनाने के साथ-साथ एमएसई को सशक्त करने और एसजेवीएन के साथ उनकी सहभागिता मजबूत करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुए हैं।
सम्मेलन के दौरान एसजेवीएन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, नेशनल एससी-एसटी हब, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस, क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया, डीटीएक्स, एम1 एक्सचेंज, दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री तथा कॉन्फेडरेशन ऑफ वीमेन एंटरप्रेन्योर्स के प्रतिनिधियों ने विस्तृत प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागी विक्रेताओं को उपलब्ध अवसरों, खरीद प्रक्रियाओं, ई-प्रोक्योरमेंट प्रणाली, ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रियाओं तथा विभिन्न योजनाओं एवं सहायता उपायों की जानकारी प्रदान की गई। इसके पश्चात संवादात्मक प्रश्नोत्तर एवं चर्चा सत्र आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य विक्रेताओं में जागरूकता बढ़ाना और उनकी सहभागिता को प्रोत्साहित करना था।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *