Post Views: 0
क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी नई रेल सेवा :– अनिल बलूनी
अमर चंद्र
दिल्ली/रामनगर। उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों को पहली बार सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा से जोड़ते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस नई रेल सेवा के शुरू होने के साथ ही रामनगर और आसपास के क्षेत्रों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है।
रामनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, पूर्व शिक्षा मंत्री एवं विधायक अरविंद सिंह पांडे, वरिष्ठ रेलवे अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस केवल एक नई ट्रेन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता की वर्षों पुरानी आकांक्षा की पूर्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेल, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। यह रेल सेवा पर्यटन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसरों का द्वार खोलेगी तथा कुमाऊं और गढ़वाल के बीच सामाजिक एवं आर्थिक संबंधों को और मजबूत करेगी।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह दोनों शहरों के बीच पहली सीधी एक्सप्रेस ट्रेन है, जिससे यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और विश्वसनीय रेल संपर्क मिलेगा। उन्होंने बताया कि हरिद्वार स्टेशन पर बढ़ते दबाव को देखते हुए ऋषिकेश रेलवे स्टेशन को फीडर स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसके लिए व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। साथ ही उत्तराखंड के 11 रेलवे स्टेशनों—देहरादून, हरिद्वार जंक्शन, हर्रावाला, काशीपुर जंक्शन, किच्छा, कोटद्वार, रुड़की, काठगोदाम, लालकुआं जंक्शन, रामनगर और टनकपुरका अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तेजी से पुनर्विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस का शुभारंभ राज्य के रेल इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में रेलवे के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है, जबकि 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य के सामाजिक, धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक विकास की जीवनरेखा साबित होगी।
रेलवे के अनुसार, रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15310/15309) प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी। ट्रेन संख्या 15310 सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होकर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 15309 दोपहर 3:55 बजे देहरादून से चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार सहित प्रमुख स्टेशनों पर होगा।
इस ट्रेन में एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, एसी चेयर कार, स्लीपर, सेकंड सिटिंग तथा जनरल श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। नई सेवा से नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, मुरादाबाद और बिजनौर के लाखों यात्रियों को लाभ मिलेगा। साथ ही जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान, गिरिजा देवी मंदिर, सीतावनी तथा चारधाम यात्रा के लिए भी बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा
समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने नई रेल सेवा के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे उत्तराखंड के समग्र विकास, पर्यटन संवर्धन और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
Related