Post Views: 0
रिपोर्ट जगमोहन डांगी
पौड़ी।विकासखंड कल्जीखाल के अंतर्गत जीआईसी राइका पुरियाडांग विद्यालय में सोमवार को मेधावी छात्र प्रमोद कुमार को सम्मानित किया गया। प्रमोद कुमार ने उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राज्य स्तरीय मेरिट सूची में 15वां स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
ग्राम कलेथ निवासी प्रमोद कुमार के साथ उनकी माता कविता देवी को भी विद्यालय की पीटीए द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कविता देवी ने शिक्षकों के मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों के सहयोग और बेटे की कड़ी मेहनत से ही यह सफलता संभव हो सकी।
प्रमोद कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, शिक्षकों के मार्गदर्शन, ऑनलाइन पढ़ाई, माता-पिता और बहनों के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि उनकी माता आंगनबाड़ी कार्यकत्री हैं, जबकि पिता होटल में कार्यरत हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार घुनियाल ने छात्र और उनकी माता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान विद्यालय संरक्षक एवं पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व पीटीए अध्यक्ष जगमोहन डांगी, एसएमसी अध्यक्ष जसवीर रावत, पूर्व पीटीए अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान अशोक रावत तथा वर्तमान पीटीए अध्यक्ष हिमानी भंडारी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके साथ ही कक्षा 12वीं की छात्रा कुमारी आराधना और छात्र शुभम रावत (82%) को भी सम्मानित किया गया। वहीं मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना 2025 में चयनित छात्राओं कुमारी दिया और एंजेल रावत को छात्रवृत्ति के चेक भी वितरित किए गए।कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता हिंदी क्रांति कुमार आर्य ने किया।
Related