गोवादिल्ली

भारत श्रीलंका के बीच समुद्री सहयोग को नई मजबूती: भारतीय तटरक्षक जहाज़ों की श्रीलंका यात्रा

हिंद महासागर में भरोसे की नई लहर: भारतीय तटरक्षक जहाज़ों की श्रीलंका यात्रा से समुद्री सहयोग सशक्त

 

Amar sandesh नई दिल्ली।भारत और श्रीलंका के बीच समुद्री सुरक्षा, सहयोग और आपसी विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) के जहाज़ ICGS वराह एवं फास्ट पेट्रोल वेसल ICGS अताप 26 जनवरी 2026 से 1 फरवरी 2026 तक श्रीलंका की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यह यात्रा हिंद महासागर क्षेत्र में दोनों देशों के बीच बढ़ते समुद्री और रणनीतिक सहयोग को दर्शाती है।

इस दौरान भारतीय तटरक्षक बल एवं श्रीलंका कोस्ट गार्ड के बीच संयुक्त प्रशिक्षण, सर्च एंड रेस्क्यू, समुद्री कानून प्रवर्तन, समुद्री प्रदूषण नियंत्रण, फायर फाइटिंग, सीमैनशिप एवं बोट हैंडलिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अभ्यास और अनुभव साझा किए जाएंगे, जिससे दोनों देशों की समुद्री क्षमताओं को मजबूती मिलेगी।

इस संबंध में यह जानकारी ‘अमर संदेश’ को भारतीय तटरक्षक बल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, कमांडेंट अमित उनियाल द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।

यात्रा के अंतर्गत सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों के माध्यम से भारत और श्रीलंका के बीच आपसी मित्रता और पेशेवर संबंधों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। यह पहल ‘सागर (Security and Growth for All in the Region)’ दृष्टिकोण के अनुरूप क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और समुद्री सुरक्षा को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के तहत भारतीय तटरक्षक जहाज़ कोलंबो में आयोजित श्रीलंका गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेंगे। इसके साथ ही 27 और 28 जनवरी 2026 को कोलंबो तट के समीप विशेष समुद्री अभ्यास भी किया जाएगा, जिससे भारत और श्रीलंका के बीच समुद्री समन्वय और सहयोग को और बल मिलेगा।

यह यात्रा हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षित, संरक्षित और सहयोगपूर्ण समुद्री वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *