भारत डिजिटल क्रांति का वैश्विक नेतृत्व कर रहा है, आत्मविश्वास से खड़ा नया भारत —योगी आदित्यनाथ
Amar sandesh लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उड़ीसा से ‘स्वदेशी BSNL 4G नेटवर्क’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर देश भर से मुख्यमंत्री, मंत्री और अधिकारी ऑनलाइन जुड़े। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास के साथ दुनिया के सामने खड़ा है। भारत न तो किसी दबाव में झुकेगा और न ही किसी गीदड़-भभकी से डरेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत नेट परियोजना का स्वदेशी 4G इंफ्रास्ट्रक्चर डिजिटल क्रांति को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने बताया कि 2017 के बाद हर ग्राम पंचायत को ऑप्टिकल फाइबर और नेटवर्किंग से जोड़ने का संकल्प लिया गया था, जो आज साकार हो चुका है। इसके माध्यम से ग्राम सचिवालयों में आय, निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, बैंकिंग और रोजगार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बीसी सखियों के जरिए ग्रामीणों तक 100 करोड़ से अधिक का लाभांश पहुंचाया गया है। बीएसएनएल का 4G नेटवर्क दूर-दराज के इलाकों और नक्सल प्रभावित जिलों में विकास और परिवर्तन लाने में अहम भूमिका निभाएगा। आने वाले समय में 5G और 6G की भी तैयारी है।
सीएम योगी ने कहा कि भारत की सेना आज दुनिया की सबसे सामर्थ्यशाली और शक्तिशाली सेनाओं में शामिल है। ब्रह्मोस मिसाइल, ड्रोन, रोबोटिक्स और रक्षा क्षेत्र में हुई उपलब्धियां विकसित भारत की पहचान बन चुकी हैं। भारत विश्व से मैत्री भाव रखेगा, लेकिन किसी भी दबाव या धमकी के आगे नहीं झुकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पेंशन और छात्रवृत्ति के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। डीबीटी के जरिए 1 करोड़ से अधिक महिलाओं, वृद्धों और दिव्यांगों को सालाना 12,000 रुपये की पेंशन सीधे खाते में पहुंच रही है। 60 लाख से अधिक अनुसूचित जाति, जनजाति और ओबीसी छात्रों को 6,000 करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप डिजिटल माध्यम से दी गई है। यूपीआई के जरिए भारत ने डिजिटल पेमेंट का नया इतिहास रचा है, जो भ्रष्टाचार पर रोक और पारदर्शिता का प्रमाण है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले नेटवर्किंग पर माफियाओं का कब्जा था, लेकिन सरकार ने उनकी कमर तोड़कर सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की। आज बीएसएनएल का 4G नेटवर्क ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती प्रदान करेगा। ग्राम पंचायतों और नगर निकायों की आत्मनिर्भरता ही विकसित भारत की सशक्त नींव होगी।
इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, बृजलाल, संजय सेठ, महापौर सुषमा खर्कवाल समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।