कारोबारदिल्लीमहाराष्ट्रराष्ट्रीय

HPCL का शानदार प्रदर्शन, FY26 में मुनाफा 133% बढ़ा, ₹19.25 प्रति शेयर अंतिम डिविडेंड की सिफारिश

HPCL का शानदार प्रदर्शन, FY26 में मुनाफा 133% बढ़ा, ₹19.25 प्रति शेयर अंतिम डिविडेंड की सिफारिश

नई दिल्ली/मुंबई । देश की प्रमुख तेल एवं ऊर्जा कंपनी हिंदुस्तान पैट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए मजबूत वित्तीय और परिचालन परिणाम घोषित किए हैं। कंपनी ने इस वर्ष रिकॉर्ड रिफाइनरी उत्पादन, बिक्री में बढ़ोतरी और वित्तीय मजबूती के साथ उल्लेखनीय प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी के निदेशक मंडल ने ₹10 अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर ₹19.25 के अंतिम डिविडेंड की सिफारिश भी की है।

HPCL के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का स्टैंडअलोन प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) 133 प्रतिशत बढ़कर ₹17,175 करोड़ पहुंच गया, जबकि कंसोलिडेटेड PAT में 168 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए यह ₹18,047 करोड़ रहा। कंपनी का राजस्व भी बढ़कर ₹4,78,543 करोड़ हो गया।

कंपनी ने बताया कि FY26 के दौरान उसकी रिफाइनरियों ने अब तक का सबसे अधिक 26.04 एमएमटी कच्चे तेल का प्रसंस्करण किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3 प्रतिशत अधिक है। साथ ही ग्रॉस रिफाइनिंग मार्जिन (GRM) बढ़कर 8.79 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।

मार्केटिंग और बिक्री के क्षेत्र में भी HPCL ने मजबूत प्रदर्शन किया। कंपनी की कुल बिक्री 51.45 एमएमटी रही, जिसमें 3.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। पेट्रोल और डीजल की संयुक्त बिक्री 31.06 एमएमटी तथा LPG बिक्री 9.41 एमएमटी रही।

विशाख और मुंबई रिफाइनरियों ने भी रिकॉर्ड उत्पादन दर्ज किया। विशाख रिफाइनरी ने 107 प्रतिशत क्षमता पर कार्य करते हुए 16.04 एमएमटी और मुंबई रिफाइनरी ने 105 प्रतिशत क्षमता पर 10 एमएमटी कच्चे तेल का प्रसंस्करण किया।

कंपनी ने ऊर्जा संक्रमण और हरित ऊर्जा क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। HPCL ने ग्रीन हाइड्रोजन, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF), LNG मार्केटिंग तथा सर्कुलर इकोनॉमी से जुड़े कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके अलावा FY26 के दौरान 75 नए CNG आउटलेट और 829 सोलराइज्ड रिटेल आउटलेट जोड़े गए हैं।

एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी परियोजना में भी प्रगति जारी है। हालांकि अप्रैल 2026 में रिफाइनरी के CDU सेक्शन में आग लगने की घटना हुई थी, लेकिन कंपनी ने स्पष्ट किया कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और पुनर्स्थापन कार्य तेजी से जारी है।

नेटवर्क विस्तार के तहत कंपनी ने चौथी तिमाही में 526 नए रिटेल आउटलेट शुरू किए, जिससे कुल संख्या बढ़कर 25,098 हो गई। वहीं LPG डिस्ट्रीब्यूटर की संख्या बढ़कर 6,389 पहुंच गई है।

HPCL को इस दौरान कई प्रतिष्ठित पुरस्कार भी मिले, जिनमें FIPI ऑयल मार्केटिंग कंपनी ऑफ द ईयर अवॉर्ड, गोल्डन पीकॉक अवॉर्ड फॉर रिस्क मैनेजमेंट 2025 और डिजिटल मार्केटिंग क्षेत्र में गोल्ड अवॉर्ड शामिल हैं।

बीच में कंपनी की ओर से जारी जानकारी में बताया गया कि “प्रोजेक्ट समृद्धि” के तहत FY26 में ₹1,691 करोड़ की अतिरिक्त EBITDA उपलब्धि हासिल की गई है तथा HP Green R&D Centre द्वारा अब तक 779 पेटेंट दाखिल किए जा चुके हैं।

Share This Post:-
Post Views: 31 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *