Post Views: 0
20 जुलाई से शुरू होगा संसद का मानसून सत्र, 13 अगस्त तक चलेंगी 19 बैठकें; सरकार ने सभी दलों से सदन के सुचारु संचालन में सहयोग की अपील की
Amar sandesh नई दिल्ली, 19 जुलाई। संसद के आगामी मानसून सत्र को सुचारु रूप से संचालित करने के उद्देश्य से रविवार को संसद भवन परिसर में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक का आयोजन संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने किया। बैठक में 40 राजनीतिक दलों के 58 नेताओं ने भाग लिया और आगामी सत्र के दौरान उठाए जाने वाले विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे।
बैठक में राज्यसभा के सदन के नेता एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और संसदीय कार्य एवं सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन भी मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी नेताओं का स्वागत किया। इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जानकारी दीकि संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई 2026 से शुरू होगा और सरकारी कार्यों की आवश्यकता के अनुसार 13 अगस्त 2026 तक चलेगा। इस अवसर उनके साथ कानून मंत्री अर्जुन लाल मेघवाल, केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले भी मौजूद रहे।
25दिनों की अवधि वाले इस सत्र में कुल 19 बैठकें आयोजित की जाएंगी।
किरेन रिजिजू ने बताया कि आगामी मानसून सत्र की विधायी कार्यसूची 16 जुलाई को ही संसद के दोनों सचिवालयों द्वारा बुलेटिन भाग-2 में प्रकाशित की जा चुकी है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से संसद के सुचारु संचालन में सहयोग देने की अपील की और कहा कि सरकार संसद की परंपराओं और नियमों के तहत सभी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए तैयार है।
बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने संसद में उठाए जाने वाले मुद्दों पर अपने सुझाव और अपेक्षाएं सरकार के सामने रखीं तथा सदन के सुचारु संचालन में सहयोग का भरोसा दिलाया। संसदीय कार्य मंत्री ने नेताओं द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया और उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया।
बैठक के समापन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि आगामी मानसून सत्र सकारात्मक, सार्थक और जनहित के मुद्दों पर केंद्रित रहेगा।
Related