Post Views: 0
इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए देशभर में चलाया विशेष अभियान
Amar sandesh दिल्ली/मुंबई, 14 जुलाई। हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने देशभर में अपने रिटेल आउटलेट्स पर इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। 3 से 13 जुलाई 2026 के दौरान कंपनी ने कुल 3,651 गुणवत्ता निरीक्षण किए, जिनमें कहीं भी ईंधन में मिलावट, संदूषण अथवा गुणवत्ता मानकों के उल्लंघन का कोई मामला सामने नहीं आया।
एचपीसीएल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 7 से 13 जुलाई के बीच देशभर के 2,173 रिटेल आउटलेट्स पर आकस्मिक निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया गया कि पेट्रोल में निर्धारित मानकों के अनुरूप इथेनॉल मिश्रण किया गया है। इसके अतिरिक्त 3 से 13 जुलाई के दौरान नियमित गुणवत्ता निगरानी कार्यक्रम के तहत 1,385 फील्ड निरीक्षण भी किए गए।
गुणवत्ता निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए एचपीसीएल के गुणवत्ता आश्वासन (एंटी-एडल्टरेशन) प्रकोष्ठ ने 93 अतिरिक्त आकस्मिक निरीक्षण किए, जबकि कंपनी की मोबाइल प्रयोगशालाओं के माध्यम से 49 ईंधन नमूनों की वैज्ञानिक जांच भी की गई। सभी जांचों में ईंधन निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाया गया।
एचपीसीएल ने कहा कि कंपनी ग्राहकों को सुरक्षित, विश्वसनीय और उच्च गुणवत्ता वाला ईंधन उपलब्ध कराने के लिए बहु-स्तरीय गुणवत्ता आश्वासन प्रणाली अपनाती है। इसके तहत नियमित फील्ड निरीक्षण, आकस्मिक जांच, प्रयोगशाला परीक्षण और सतत निगरानी की जाती है, जिससे देशभर के रिटेल आउटलेट्स पर गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
Related