उत्तराखण्डराष्ट्रीय

प्रवासी कुमाल्डी एकता मंच की चौथी विचार गोष्ठी सम्पन्न, गांव के समग्र विकास के लिए बनी ठोस कार्ययोजना

95 वर्षीय श्रीमती रामचंद्र देवी नेगी का हुआ सम्मान, प्रवासियों, महिलाओं और युवाओं ने सामाजिक एकता व विकास का लिया संकल्प

अमर चंद्र

दिल्ली/कोटद्वार।जनपद पौड़ी गढ़वाल के ग्राम कुमाल्डी से जुड़े प्रवासी परिवारों द्वारा गांव के सर्वांगीण विकास, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के उद्देश्य से गठित प्रवासी कुमाल्डी एकता मंच (कोटद्वार) की चौथी विचार गोष्ठी रविवार को घमंडपुर स्थित पूर्व सैनिक मदन सिंह नेगी के आवास पर उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।

बैठक में बड़ी संख्या में प्रवासी परिवारों, महिलाओं, युवाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लेकर गांव के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर गंभीरता से मंथन किया। उपस्थित सदस्यों ने शिक्षा, रोजगार, पलायन रोकने, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रवासी एवं स्थानीय ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर अपने विचार रखे। सभी ने एकमत होकर गांव के विकास के लिए संगठित प्रयास करने का संकल्प लिया।

गोष्ठी में मंच की अध्यक्ष श्रीमती अनीता नेगी ने संगठन की भावी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए सभी सदस्यों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। संरक्षक रमेश चंद्र घिल्डियाल, मनवर सिंह नेगी, शिवदयाल सिंह नेगी, नरेश चंद्र घिल्डियाल, महावीर सिंह रावत, कृष्ण कुमार नेगी, मेजबान मदन सिंह नेगी, प्रकाश चंद्र जखमोला, विजय प्रसाद, सत्येंद्र सिंह नेगी, गौतम नेगी, विनोद राणा, सुनील नेगी, सुरेश नेगी, राहुल नेगी सहित अनेक सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए। वहीं महिला शक्ति की ओर से श्रीमती संजू नेगी (कोषाध्यक्ष), जानकी देवी, बीना जखमोला, हिमानी घिल्डियाल, ममता नेगी एवं सुप्रिया नेगी ने भी गांव के विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।

गोष्ठी का सबसे भावनात्मक और प्रेरणादायी क्षण तब आया, जब गांव की 95 वर्षीय सबसे बुजुर्ग महिला श्रीमती रामचंद्र देवी नेगी का सम्मान किया गया। उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान शिवदयाल सिंह नेगी एवं उनके सहयोगियों द्वारा किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस सम्मान ने नई पीढ़ी को अपने बुजुर्गों के सम्मान और पारिवारिक मूल्यों को संजोए रखने का प्रेरणादायी संदेश दिया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि गांव का विकास केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी, आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच से संभव है। प्रवासी समाज अपने अनुभव, संसाधनों और सामाजिक जिम्मेदारी के माध्यम से गांव के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि अब गांव के विकास की मुहिम जन-आंदोलन का स्वरूप ले रही है।

बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रवासी कुमाल्डी एकता मंच की पांचवीं विचार गोष्ठी डिग्री कॉलेज के समीप स्थित श्री शिवदयाल सिंह नेगी के निवास पर आयोजित की जाएगी, जिसमें गांव के विकास से जुड़े प्रस्तावों को आगे बढ़ाने और नई कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।

अंत में मेजबान पूर्व सैनिक मदन सिंह नेगी ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रवासी कुमाल्डी एकता मंच भविष्य में भी गांव के विकास, सामाजिक सौहार्द, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। बैठक का समापन गांव के उज्ज्वल भविष्य और आपसी एकता के संकल्प के साथ हुआ।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *