कारोबारराष्ट्रीय

ऊर्जा क्षेत्र के भविष्य को गढ़ने के लिए जुटे देश के दिग्गज, गेल ने दिया कौशल विकास का नया मंत्र दिया 

भविष्य की ऊर्जा, भविष्य के कौशल: गेल के मंच पर देश की बड़ी कंपनियों का मंथन

 

Amar sandesh नोएडा। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधीन महारत्न सार्वजनिक उपक्रम गेल (इंडिया) लिमिटेड के प्रमुख प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास केंद्र गेल प्रशिक्षण संस्थान (जीटीआई), नोएडा ने अपना 29वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर “भविष्य की ऊर्जा के लिए कौशल विकास” विषय पर द्वितीय अधिगम एवं विकास सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें देश की अग्रणी ऊर्जा कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों, मानव संसाधन प्रमुखों तथा प्रशिक्षण विशेषज्ञों ने भाग लिया।

सम्मेलन का उद्घाटन गेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक दीपक गुप्ता ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बदलते वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य में कौशल विकास, नवाचार और सतत अधिगम ही संस्थानों की सफलता की आधारशिला हैं। उन्होंने संगठनात्मक उद्देश्यों और राष्ट्रीय विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

गेल के निदेशक (मानव संसाधन) आयुष गुप्ता ने संस्थान की उपलब्धियों तथा प्रशिक्षण क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी। वहीं अक्षय ऊर्जा क्षेत्र की अग्रणी कंपनी रिन्यू की सह-संस्थापक वैशाली निगम सिन्हा ने स्वच्छ एवं टिकाऊ ऊर्जा की आवश्यकता पर बल देते हुए ऊर्जा संक्रमण की चुनौतियों और संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

सम्मेलन में इंडियन ऑयल, ओएनजीसी, बीपीसीएल, एचपीसीएल, एनटीपीसी, भेल, एनएचपीसी, पावर ग्रिड, ईआईएल तथा गेल सहित विभिन्न ऊर्जा एवं अवसंरचना क्षेत्र की कंपनियों ने मानव संसाधन विकास और कौशल उन्नयन के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान सकारात्मक ऊर्जा संक्रमण, डिजिटल सशक्तिकरण और संगठनात्मक विकास जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने व्यापक विचार-विमर्श किया। इसके अतिरिक्त भारतीय सेना के नेतृत्व एवं कौशल विकास मॉडल पर विशेष संवाद सत्र का आयोजन भी किया गया।

इस अवसर पर गेल की मानव संसाधन पहल “इन्क्विजिटिव 2.0” का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य कर्मचारियों में सतत सीखने, नवाचार और ज्ञान-विनिमय की संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम के समापन पर कार्यकारी निदेशक (प्रशिक्षण) प्रवीर कुमार अग्रवाल ने कहा कि गेल भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन तैयार करने तथा ऊर्जा क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उल्लेखनीय है कि गेल (इंडिया) लिमिटेड देश की अग्रणी प्राकृतिक गैस कंपनी है, जो गैस परिवहन, पाइप्ड नेचुरल गैस, सीएनजी तथा ऊर्जा अवसंरचना विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Share This Post:-
Post Views: 42 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *