गुजरातगोवाराष्ट्रीय

समंदर के रास्ते भारत में घुस रही थी ₹1150 करोड़ की कोकीन, कोस्ट गार्ड और ATS गुजरात की बड़ी कार्रवाई से ड्रग माफियाओं में हड़कंप

Amar sandesh नई दिल्ली। देश को नशे के जाल में फंसाने की साजिश को भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) और ATS गुजरात ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ा झटका दिया है। गुजरात के मुंद्रा तट के पास समुद्री क्षेत्र में चलाए गए विशेष ऑपरेशन के दौरान करीब 115 किलोग्राम कोकीन जब्त की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹1150 करोड़ बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ATS गुजरात द्वारा साझा की गई सटीक खुफिया सूचना के आधार पर 25-26 मई की रात भारतीय तटरक्षक बल की इंटरसेप्टर नौकाओं ने मुंद्रा एंकरज क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कंटेनर जहाज MV Europe पर संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं, जहां से कुछ बैग समुद्र में फेंके जाते दिखाई दिए।

अंधेरे और बेहद कम दृश्यता वाली परिस्थितियों के बावजूद ICG और ATS की संयुक्त टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए समुद्र से पांच बैग बरामद किए। जांच में इन बैगों से सफेद पाउडर के 115 पैकेट मिले, जिनकी जांच में कोकीन होने की पुष्टि हुई। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग एक किलोग्राम बताया गया है।

कार्रवाई के बाद संबंधित जहाज को आगे की जांच के लिए बंदरगाह लाया गया है। मामले में भारतीय तटरक्षक बल, ATS गुजरात और अन्य एजेंसियों द्वारा संयुक्त जांच जारी है।

अधिकारियों के अनुसार पिछले पांच वर्षों में ICG और ATS गुजरात द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया यह 15वां सफल एंटी-नारकोटिक्स ऑपरेशन है। यह कार्रवाई “नशा मुक्त भारत” अभियान और समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Share This Post:-
Post Views: 33 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *