गुजरातराज्यराष्ट्रीय

संगठन निर्माण वर्ष 2025 में कांग्रेस अध्यक्ष खरगे का आह्वान

गांधी–नेहरू की विरासत को बचाना है, कार्यकर्ताओं की मेहनत ही कांग्रेस की असली ताकत”

दिल्ली/जूनागढ़ (गुजरात)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को जूनागढ़ में जिला कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन सुदृढ़ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 को कांग्रेस ने संगठन निर्माण का वर्ष घोषित किया है और यह संयोग है कि यही वर्ष महात्मा गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने की शताब्दी भी है। ऐसे में गुजरात की धरती से इस अभियान की शुरुआत ऐतिहासिक महत्व रखती है।

अपने संबोधन में खरगे ने कहा कि महात्मा गांधी, सरदार पटेल और पंडित नेहरू की विचारधारा को बचाना हर कांग्रेस कार्यकर्ता का दायित्व है। यही विचारधारा देश के लोकतंत्र और संविधान की नींव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि पद बड़ा या छोटा नहीं होता, संगठन की ताकत मेहनत, त्याग और अनुशासन से बढ़ती है।

खरगे ने साफ कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता और निष्क्रियता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो कार्यकर्ता और पदाधिकारी संगठन को मज़बूत करने में सक्रिय भूमिका नहीं निभाते, उन्हें हटाना आवश्यक है। “एक सड़ा आम पूरी टोकरी खराब कर देता है,” कहते हुए उन्होंने ज़ोर दिया कि कांग्रेस में मेहनतकश और समर्पित लोगों को ही आगे लाना होगा।

उन्होंने संविधान और वोटिंग अधिकारों की रक्षा को कार्यकर्ताओं का सबसे पहला कर्तव्य बताया और कहा कि यही लोकतंत्र को सुरक्षित रखने का मार्ग है। खरगे ने पंडित नेहरू के अनुशासन संबंधी विचारों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन के उसूलों पर अडिग रहने की अपील की।

अपने भाषण में उन्होंने गांधी–नेहरू की विरासत और राहुल गांधी की यात्राओं का भी उल्लेख किया और कहा कि कांग्रेस ही लोकतंत्र, समानता और न्याय की सबसे बड़ी गारंटी है। निजी संघर्षों और बचपन की कठिनाइयों का ज़िक्र करते हुए उन्होंने बताया कि सच्चा कार्यकर्ता वही है जो विपरीत परिस्थितियों में भी जनता और पार्टी के लिए काम करता रहे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मज़बूत बने रहें, स्वाभिमान के साथ संगठन और देश के उसूलों की रक्षा करें तथा 2025 को संगठन सृजन का ऐतिहासिक वर्ष बनाने में योगदान दें।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *