Post Views: 0
“भाजपा का हर कार्यकर्ता संगठन की रीढ़, युवा नेतृत्व से बढ़ेगा जोश” — महेंद्र भट्ट
अमर चंद्र
नई दिल्ली | विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में श्री नितिन नवीन की नियुक्ति पर भाजपा उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने राष्ट्रीय मुख्यालय में अमर संदेश से बातचीत करते हुए हर्ष व्यक्त किया और उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
श्री महेंद्र भट्ट ने कहा कि श्री नितिन नवीन जी जैसे ऊर्जावान, कर्मठ और युवा नेतृत्व का पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चयन होना पूरे संगठन के लिए अत्यंत गौरव की बात है। इससे न केवल संगठन में नया जोश और ऊर्जा आएगी, बल्कि युवाओं में भी पार्टी के प्रति उत्साह और विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका कार्यकर्ता है। पार्टी का हर कार्यकर्ता, चाहे वह बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही क्यों न हो, अपनी कार्यक्षमता, कुशलता, अनुशासन और पार्टी के प्रति समर्पण भाव से निरंतर आगे बढ़ता रहता है। यही कार्यकर्ता-आधारित संगठनात्मक संस्कृति भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाती है, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री नितिन नवीन जी के कुशल नेतृत्व में पार्टी और संगठन नई ऊँचाइयों को छुएगा तथा राष्ट्रसेवा की हमारी परंपरा और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ती रहेगी।
उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज चौमुखी विकास की दिशा में तीव्र गति से अग्रसर है और संगठनात्मक मजबूती के साथ भाजपा राष्ट्र निर्माण के अपने संकल्प को निरंतर पूरा कर रही है।
इस अवसर पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि जैसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा का विजय रथ निरंतर आगे बढ़ रहा है, उसी प्रकार नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी इस रथ को और अधिक तेज गति से आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि नितिन नवीन जी के पास प्रशासनिक और संगठनात्मक दोनों का समृद्ध अनुभव है। वे बिहार राज्य में पाँच बार विधायक निर्वाचित हुए हैं तथा राज्य सरकार में मंत्री के रूप में भी उन्होंने सफलतापूर्वक दायित्व निभाया है। उनके इस व्यापक अनुभव का लाभ निश्चित रूप से भारतीय जनता पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा।
Like this:
Like Loading...
Related