असमदिल्लीराष्ट्रीय

रेलवे 17 जनवरी को करेगा असम के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की घोषणा

Amar sandesh

दिल्ली। भारतीय रेलवे असम और पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए स्लीपर कोच सुविधा से युक्त वंदे भारत ट्रेन की घोषणा 17 जनवरी को करने जा रही है। सूत्रों के अनुसार इस नई रेल सेवा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। यह ट्रेन गुवाहाटी से हावड़ा के बीच प्रस्तावित है, जिससे पूर्वोत्तर भारत की लंबी दूरी की रात्रि रेल यात्रा को नई गति मिलेगी।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक यह देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन होगी, जिसे विशेष रूप से रात में लंबी दूरी की यात्रा के लिए डिजाइन किया गया है। ट्रेन में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एसी स्लीपर कोच लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को अधिक आराम और सुरक्षित सफर का अनुभव मिलेगा। प्रस्तावित रेक में एसी थ्री टियर, एसी टू टियर और फर्स्ट एसी कोच शामिल किए जाने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि इस सेवा के शुरू होने से असम और पूर्वोत्तर राज्यों का देश के अन्य हिस्सों से रेल संपर्क और मजबूत होगा। साथ ही व्यापार, पर्यटन और सामाजिक आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा। रेलवे का मानना है कि यह ट्रेन पूर्वोत्तर क्षेत्र के यात्रियों के लिए समय की बचत करने वाला एक महत्वपूर्ण विकल्प साबित होगी।
देश की धड़कन कही जाने वाली भारतीय रेल लगातार आम जनमानस की जरूरतों के अनुरूप नई सेवाएं शुरू कर रही है। असम के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की यह घोषणा उसी कड़ी में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Share This Post:-
Post Views: 12 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *