विकसित गढ़वाल के संकल्प के साथ: अनिल बलूनी व विनोद कंडारी ने मुनि की रेती में भाजपा कार्यकर्ताओं से की मुलाकात
Amar sandesh देहरादून।नरेन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुनि की रेती में भारतीय जनता पार्टी के मण्डल अध्यक्ष भगवती काला जी के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हुआ। इस अवसर पर देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी व लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने भाजपा के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
इस दौरान संगठनात्मक मजबूती, स्थानीय विकास योजनाओं और जनसंपर्क को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे ‘विकसित गढ़वाल’ के सपने को साकार करने हेतु पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें।
सांसद श्री अनिल बलूनी ने अपने संबोधन में युवाओं की भागीदारी, नवाचार आधारित विकास और केंद्र सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुँचाने पर बल दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना।
यह संवादात्मक बैठक न केवल संगठन को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही, बल्कि जनसेवा और विकास के साझा संकल्प को और भी प्रबल किया।
—