दिल्लीराष्ट्रीय

भारतीय तटरक्षक बल और जापान तटरक्षक बल के बीच 22वीं उच्च स्तरीय बैठक आयोजित

Amar sandesh नई दिल्ली।भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और जापान तटरक्षक बल (JCG) के बीच 22वीं उच्च स्तरीय बैठक (हाई लेवल मीटिंग–HLM) का आयोजन 14 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में किया गया। बैठक की अध्यक्षता भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि, AVSM, PTM, TM तथा जापान तटरक्षक बल के कमांडेंट एडमिरल योशियो सगुची ने की। एडमिरल सगुची 13 से 17 जनवरी 2026 तक नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं।

इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय सहयोग के मौजूदा ढांचे की समीक्षा की तथा परिचालन सहभागिता को और सुदृढ़ करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया। चर्चा का मुख्य फोकस समुद्री खोज एवं बचाव (SAR), समुद्री प्रदूषण प्रतिक्रिया (MPR), समुद्री कानून प्रवर्तन (MLE) और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाने पर रहा। दोनों पक्षों ने सर्वोत्तम प्रक्रियाओं के आदान-प्रदान, पारस्परिक संचालन क्षमता को सुदृढ़ करने तथा दोनों तटरक्षक बलों के बीच हुए समझौता ज्ञापन के तहत संरचित संवाद को बनाए रखने के महत्व पर बल दिया।

बैठक में उभरते क्षेत्रों में सहयोग, जैसे प्रौद्योगिकी का उपयोग, सूचना साझा करना, प्रशिक्षण पहल तथा कार्मिक आदान-प्रदान पर भी चर्चा हुई। दोनों प्रतिनिधिमंडलों ने पिछली उच्च स्तरीय बैठक के बाद से हुई निरंतर प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और विभिन्न स्तरों पर नियमित संवाद बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

भारत वर्तमान में कोस्ट गार्ड ग्लोबल समिट (CGGS) की अध्यक्षता कर रहा है तथा आगामी 5वीं CGGS और अंतरराष्ट्रीय तटरक्षक बेड़ा समीक्षा (ICGFR) की मेजबानी करेगा। इस संदर्भ में बहुपक्षीय समुद्री मंचों में सहयोग को और सुदृढ़ करने के उपायों पर भी चर्चा हुई। बैठक में अगस्त 2025 में जारी भारत–जापान संयुक्त घोषणा का भी उल्लेख किया गया, जिसमें स्वतंत्र, खुली, समावेशी और नियम-आधारित समुद्री व्यवस्था के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दोहराया गया है। जापान तटरक्षक बल ने अंतरराष्ट्रीय तटरक्षक बेड़ा समीक्षा में अपने जहाज और विमान की तैनाती के माध्यम से भागीदारी का आश्वासन दिया।

यात्रा कार्यक्रम के तहत जापान तटरक्षक बल का प्रतिनिधिमंडल 16–17 जनवरी 2026 को मुंबई जाएगा, जहां वे मैसर्स मजगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड का औद्योगिक दौरा करेंगे तथा पेशेवर संवाद के माध्यम से समुद्री औद्योगिक एवं परिचालन सहयोग को सुदृढ़ करेंगे। इसके अतिरिक्त, जापान तटरक्षक बल की नेशनल स्ट्राइक टीम (NST) भी मुंबई का दौरा करेगी और भारतीय तटरक्षक बल की प्रदूषण प्रतिक्रिया टीम के साथ खतरनाक एवं हानिकारक पदार्थों (HNS) के रिसाव से निपटने पर संयुक्त अभ्यास करेगी। यह अभ्यास जटिल समुद्री प्रदूषण घटनाओं से निपटने के लिए तैयारी, परिचालन समन्वय और आपसी समझ को मजबूत करेगा।

उच्च स्तरीय बैठक में भारतीय तटरक्षक बल और जापान तटरक्षक बल के बीच मजबूत और स्थायी साझेदारी की पुनः पुष्टि की गई तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, संरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *