Views: 0
स्वर्गीय मगत राम एवं स्वर्गीय दिक्का देवी के बड़े पुत्र रंजीत सिंह और छोटे पुत्र नरेंद्र कुमार ने माता-पिता की स्मृति में दान की भूमि; ग्राम प्रधान मोनिका देवी, निवेदित सतपाल सिंह रावत और जिला पंचायत सदस्य पल्लवी अमोला के प्रयासों से पूरी हुई विकास की पहल
Amar Sandesh दिल्ली/रिखणीखाल (पौड़ी गढ़वाल)। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद के विकासखंड रिखणीखाल की ग्राम सभा कुमाल्डी के अंतर्गत आमुड्याँ में ग्रामीणों एवं यात्रियों की सुविधा के लिए यात्री शेड का निर्माण कार्य सुंदर एवं सराहनीय ढंग से पूरा कर लिया गया है। यह यात्री शेड केवल एक जनसुविधा केंद्र नहीं, बल्कि ग्रामीणों की एकजुटता, सामाजिक सहयोग और गांव के विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक बनकर सामने आया है।
इस जनहितकारी कार्य के लिए स्वर्गीय मगत राम एवं उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय श्रीमती दिक्का देवी के बड़े पुत्र रंजीत सिंह एवं छोटे पुत्र नरेंद्र कुमार ने अपने माता-पिता की स्मृति में यात्री शेड निर्माण के लिए भूमि दान की। दोनों भाइयों का यह सराहनीय कदम अपने माता-पिता की स्मृतियों को जनसेवा के माध्यम से सदैव जीवंत रखने की प्रेरणादायक पहल है। उनका यह योगदान सामाजिक समर्पण, उदारता और जनहित के प्रति संवेदनशीलता की मिसाल है। निश्चित रूप से यह भूमि दान आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय मगत राम एवं स्वर्गीय दिक्का देवी के पौत्र अमर चंद देश की राजधानी दिल्ली से प्रकाशित समाचार पत्र अमर संदेश के संपादक एवं संस्थापक हैं। वर्ष 2004 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय अमर चंद द्वारा अमर संदेश के माध्यम से उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक एवं जनहित से जुड़ी गतिविधियों को प्रमुखता से स्थान दिया जाता रहा है। अपने पैतृक गांव में परिवार द्वारा किए गए इस पुनीत भूमि दान और जनसुविधा के निर्माण को लेकर अमर संदेश परिवार ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सामाजिक जिम्मेदारी और ग्रामीण विकास की दिशा में अनुकरणीय पहल बताया है।
यात्री शेड के निर्माण को धरातल पर साकार करने में ग्राम प्रधान श्रीमती मोनिका देवी के नेतृत्व तथा उनके निवेदित सतपाल सिंह रावत (पूर्व कमांडो) के सक्रिय प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वहीं, वर्तमान जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पल्लवी अमोला के सहयोग, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयासों से गांव में विकास की इस पहल को नई दिशा मिली। ग्राम पंचायत के नेतृत्व, जनप्रतिनिधियों के सहयोग और भूमि दान करने वाले परिवार के उदार योगदान से यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा हुआ है।
इस यात्री शेड के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों, बुजुर्गों, महिलाओं और यात्रियों को आवागमन के दौरान बैठने एवं प्रतीक्षा करने की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही यह गांव की सुंदरता में भी चार चांद लगा रहा है। यह निर्माण गांव की एकता, आपसी सहयोग और विकास की भावना को प्रदर्शित करता है।
अमर संदेश परिवार ने की सराहनीय पहल की प्रशंसा
दिल्ली से प्रकाशित अमर संदेश समाचार पत्र परिवार ने स्वर्गीय मगत राम एवं स्वर्गीय दिक्का देवी के परिवार, विशेषकर उनके पुत्र रंजीत सिंह एवं नरेंद्र कुमार द्वारा जनहित में भूमि दान किए जाने के लिए हार्दिक आभार एवं साधुवाद व्यक्त किया है। साथ ही ग्राम प्रधान श्रीमती मोनिका देवी, उनके निवेदित सतपाल सिंह रावत तथा जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पल्लवी अमोला के प्रयासों की भी सराहना की है।
अमर संदेश के संपादक एवं संस्थापक अमर चंद ने इस अवसर पर कहा कि गांवों का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत और स्थानीय नागरिक आपसी समन्वय एवं सहयोग से जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दें। भूमि दान करने वाले परिवार का यह योगदान समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है। विकास की इस सकारात्मक पहल को आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है। गांवों में छोटी-छोटी जनसुविधाओं का निर्माण ही ग्रामीण विकास की मजबूत नींव तैयार करता है।
ग्राम प्रधान के निवेदित सतपाल सिंह रावत (पूर्व कमांडो) ने अमर संदेश को जानकारी देते हुए बताया कि यात्री शेड का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है तथा शीघ्र ही इसका विधिवत उद्घाटन किया जाएगा।
निस्संदेह, कुमाल्डी (आमुड्याँ) में निर्मित यह यात्री शेड भूमि दान, पारिवारिक संस्कार, जनसहयोग और जनप्रतिनिधियों की सकारात्मक सोच का सराहनीय उदाहरण है। स्वर्गीय मगत राम एवं स्वर्गीय दिक्का देवी के परिवार ने भूमि दान कर जनसेवा की जो मिसाल कायम की है, वह लंबे समय तक ग्रामीणों की स्मृतियों में बनी रहेगी। यह पहल गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Related