Views: 0
दिल्ली में देश की प्रमुख हस्तियों के बीच भव्य आयोजन, अगले दिन अपने लोकसभा क्षेत्र पहुंचकर ग्रामीणों के साथ मनाई इगास-बग्वाल की खुशियां
अमर चंद्र
नई दिल्ली/उत्तराखंड। देवभूमि उत्तराखंड का पारंपरिक लोकपर्व इगास-बग्वाल आज केवल उत्तराखंड तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों और महानगरों में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों के बीच भी पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाने लगा है। इस लोकपर्व को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी की पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अनिल बलूनी ने एक दिन पूर्व दिल्ली स्थित अपने आवास पर भव्य इगास-बग्वाल समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित केंद्र सरकार के कई मंत्री, साधु-संत, राजनीतिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां और मीडिया जगत के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, पारंपरिक गीत-संगीत और रीति-रिवाजों की आकर्षक झलक देखने को मिली। भैलो, ढोल-दमाऊ की थाप और लोकगीतों ने पूरे वातावरण को पहाड़ की सांस्कृतिक खुशबू से सराबोर कर दिया।
दिल्ली में भव्य आयोजन के अगले दिन अनिल बलूनी अपने लोकसभा क्षेत्र उत्तराखंड पहुंचे और ग्रामीणों के बीच पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ इगास-बग्वाल का पर्व मनाया। उनकी इस पहल की विशेषता यह है कि वे दिल्ली जैसे महानगर में देश की प्रमुख हस्तियों के साथ पर्व मनाने के बाद अगले दिन अपने क्षेत्र के गांवों में पहुंचकर आम ग्रामीणों के साथ भैलो खेलते हैं और लोकपर्व की खुशियां साझा करते हैं।
अनिल बलूनी का लोकसंस्कृति से जुड़ाव नया नहीं है। वर्ष 2018 में भी उन्होंने उत्तराखंड के ढालवाला में आयोजित इगास-बग्वाल उत्सव में तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित स्थानीय लोगों के साथ सहभागिता की थी। उस दौरान भी पारंपरिक लोकगीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामूहिक उल्लास के बीच उन्होंने इस पर्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया था।
उनकी इस निरंतर पहल का सकारात्मक प्रभाव अब व्यापक रूप से दिखाई देने लगा है। उत्तराखंड के गांवों और शहरों के साथ–साथ दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, चंडीगढ़, देहरादून तथा देश के अन्य हिस्सों में रहने वाले उत्तराखंड मूल के लोग भी इगास–बग्वाल को सामूहिक रूप से मनाने लगे हैं। अब यह पर्व प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए अपनी जन्मभूमि, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर बनता जा रहा है
दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह और उसके अगले दिन गांवों में ग्रामीणों के बीच पर्व मनाने की परंपरा एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक संदेश देती है कि आधुनिकता और महानगरीय जीवन के बीच भी अपनी लोकपरंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखा जा सकता है।
हमारे देश लोकपर्व केवल उत्सव नहीं होते, बल्कि वे समाज की सामूहिक स्मृति, आस्था और पहचान के प्रतीक होते हैं। जन-जन के उत्साह और अपनी संस्कृति के प्रति अटूट अनुराग ने इगास-बग्वाल को एक व्यापक सांस्कृतिक उत्सव का स्वरूप दिया है। अनिल बलूनी की इस पहल ने उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा और पहचान दिलाने में योगदान दिया है। हमारी लोकपरंपराएं ही हमारी पहचान हैं और इन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
Related