दिल्लीराष्ट्रीय

दिल्ली में अनिल बलूनी के आवास पर भव्यता से मनी इगास-बग्वाल, अमित शाह ने किया शुभारंभ

भैलो की लौ, ढोल-दमाऊ की थाप और लोकगीतों से जीवंत हुई देवभूमि की संस्कृति;  केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, संत-महात्माओं और देश की प्रमुख हस्तियों ने बढ़ाई समारोह की शोभा

 

अमर चंद | नई दिल्ली।

देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का अनुपम दृश्य गुरुवार को देश की राजधानी दिल्ली में देखने को मिला। गढ़वाल से लोकसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय कम्युनिकेशन प्रमुख अनिल बलूनी के दिल्ली स्थित आवास पर उत्तराखंड का पारंपरिक लोकपर्व इगास-बग्वाल पूरे उत्साह, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पवित्र अग्नि प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इसके साथ ही भैलो की रोशनी, ढोल-दमाऊ की गूंज और पारंपरिक लोकगीतों ने दिल्ली में पहाड़ की सांस्कृतिक छटा बिखेर दी।

इस अवसर पर देश की राजनीति, शासन-प्रशासन, रक्षा क्षेत्र, आध्यात्मिक जगत और मीडिया से जुड़ी अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव, हरदीप सिंह पुरी,उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट, केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा, उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज,पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, जय शाह,दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा, उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण तथा पटपड़गंज के विधायक रविंद्र सिंह नेगी सहित अनेक राजनीतिक हस्तियां समारोह में शामिल हुईं।

रक्षा क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि और पूर्व सीडीएस जनरल अनिल चौहान की मौजूदगी भी विशेष आकर्षण रही।

समारोह में आध्यात्मिक जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों ने भी सहभागिता की। स्वामी चिदानंद सरस्वती, आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि, योगगुरु बाबा रामदेव, स्वामी कैलाशानंद गिरि और बागेश्वर धाम सरकार सहित अनेक संत-महात्माओं की उपस्थिति ने आयोजन को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।

सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का प्रमुख आकर्षण रहे। उत्तराखंड की लोकप्रिय लोकगायिका करिश्मा शाह व रोहन भारद्वाज ने अपने लोकगीतों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं, लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकगीतों और लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। ढोल-दमाऊ की थाप और पारंपरिक भैलो की अग्निमय छटा के बीच प्रवासी उत्तराखंडियों को अपने गांव, घर और पहाड़ की परंपराओं की यादें ताजा हो उठीं।

सांसद अनिल बलूनी ने अपनी धर्मपत्नी डॉ. दीप्ति बलूनी के साथ सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों को इगास-बग्वाल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस लोकपर्व के प्रति लोगों का बढ़ता उत्साह उत्तराखंड की मिट्टी, संस्कृति और अपनी जड़ों से दोबारा जुड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। इगास केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सामूहिक सहभागिता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस पर्व के माध्यम से पहाड़ों को फिर से आबाद करने और पलायन की समस्या के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश भी दिया जा सकता है।इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मीडिया संयोजक आशीष अग्रवाल, राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी, बिहार से एमएलसी डॉ संजय मयूख , उत्तराखंड भाजपा नेता सतीश लखेड़ा, भाजपा मीडिया सेल के पदाधिकारी, विभिन्न समाचार चैनलों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ पत्रकार और उत्तराखंड के अनेक पत्रकार भी उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को इगास-बग्वाल की बधाइयां दीं और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयासों की सराहना की।

सांसद अनिल बलूनी इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाते हुए दिल्ली में इगास समारोह आयोजित करने के बाद अगले दिन उत्तराखंड पहुंचकर गढ़वाल के किसी गांव में ग्रामीणों के साथ भैलो खेलकर पर्व मनाते हैं। उनकी इस पहल से इगास-बग्वाल को देशभर में नई पहचान मिली है। आज दिल्ली-एनसीआर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में प्रवासी उत्तराखंडी पूरे उत्साह के साथ इस लोकपर्व को मनाने लगे हैं।

दिल्ली में आयोजित यह भव्य समारोह एक बार फिर इस बात का सशक्त संदेश दे गया कि आधुनिकता और महानगरीय जीवन के बीच भी अपनी लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और जड़ों को सहेजकर रखा जा सकता है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

sixteen − 14 =