Views: 0
अनिल बलूनी ने श्रीनगर, पौड़ी और यमकेश्वर में जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ किया चुनावी मंथन, संगठन की मजबूती, जनसंपर्क और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर दिया विशेष जोर
अमर चंद्र दिल्ली/गढ़वाल। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उत्तराखंड की सियासत में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी अपने शनिवार रविवार लोकसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान धार्मिक आस्था के साथ संगठनात्मक सक्रियता और चुनावी तैयारियों को गति देते नजर आए। उनके इस दौरे में जहां सिद्धपीठ मां धारी देवी के दर्शन और मंदिर समिति के साथ संवाद प्रमुख रहा, वहीं श्रीनगर, पौड़ी और यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठकों ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर राजनीतिक महत्व बढ़ा दिया।
मां धारी देवी के दरबार में शीश नवाकर मांगा प्रदेश की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद अपने गढ़वाल भ्रमण के दौरान सांसद अनिल बलूनी ने श्रीनगर स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां धारी देवी मंदिर पहुंचकर मां काली स्वरूपा के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मां धारी देवी से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
दर्शन के उपरांत उन्होंने मंदिर समिति के सदस्यों से मुलाकात कर मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान समिति के सदस्यों ने अपनी विभिन्न समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं से उन्हें अवगत कराया। सांसद ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और मंदिर के विकास तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
पौड़ी और श्रीनगर में संगठन की मजबूती पर मंथन, कार्यकर्ताओं को दिया सक्रियता का संदेश
धार्मिक दर्शन के साथ–साथ सांसद अनिल बलूनी ने पौड़ी एवं श्रीनगर विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनसंपर्क अभियान और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से विचार–विमर्श किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार उत्तराखंड के विकास को नई दिशा दे रही है। सड़क, रेल, पर्यटन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। भाजपा सरकार विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
यमकेश्व में भी चुनावी रणनीति पर चर्चा, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ किया संवाद
गढ़वाल दौरे के अंतर्गत सांसद अनिल बलूनी ने यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं के साथ भी संगठनात्मक बैठक की। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती, जनसंपर्क और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जागरूक जनता नकारात्मक एवं विकास विरोधी राजनीति को नकारते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, सुशासन और विकासशील नेतृत्व पर अपना विश्वास जता रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने तथा जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
विकास और सुशासन के मुद्दे पर भाजपा को फिर जनसमर्थन मिलने का भरोसा
सांसद अनिल बलूनी ने विश्वास व्यक्त किया कि देवभूमि उत्तराखंड की जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति को अपना समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि सरकार के विकास कार्यों, संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं के समर्पण के बल पर भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर प्रचंड बहुमत से विजय प्राप्त करेगी।
उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की सिद्धि के लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, समर्पण और एकजुटता के साथ जुटे हुए हैं। संगठन की मजबूती और जनता के साथ निरंतर संवाद ही चुनावी सफलता का महत्वपूर्ण आधार है।
गढ़वाल दौरे से संगठनात्मक सक्रियता का स्पष्ट संदेश
राजनीतिक दृष्टि से सांसद अनिल बलूनी का यह गढ़वाल दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण रहा। एक ओर उन्होंने मां धारी देवी के दरबार में पहुंचकर धार्मिक आस्था प्रकट की और मंदिर समिति के साथ विकास एवं सुविधाओं पर चर्चा की, वहीं दूसरी ओर पौड़ी, श्रीनगर और यमकेश्वर में संगठनात्मक बैठकों के माध्यम से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया।
उनके इस दौरे से भाजपा संगठन में सक्रियता बढ़ाने, जनसंपर्क को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का संदेश सामने आया है। अब देखना होगा कि इन बैठकों और संगठनात्मक प्रयासों का आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को कितना राजनीतिक लाभ मिलता है।
Related