Friday, November 27, 2026
Latest:
दिल्लीहमारी संस्कृति

गढ़वाल भवन में गूंजा गढ़वाली सिनेमा का स्वर, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म ‘ढोली’ की टीम ने समाज के साथ किया संवाद

43 वर्षों बाद उत्तराखंड की फिल्म को मिला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (रजत कमल), फिल्म को अधिकाधिक दर्शकों तक पहुंचाने के लिए गढ़वाली समाज ने दिया सहयोग का भरोसा

 

प्रताप थलवाल

नई दिल्ली। उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपरा और क्षेत्रीय सिनेमा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ की टीम ने दिल्ली के गढ़वाल भवन में गढ़वाली समाज के प्रबुद्धजनों, रंगकर्मियों, फिल्म निर्माताओं, कलाकारों एवं संस्कृति प्रेमियों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में फिल्म की निर्माण यात्रा, कलाकारों के अनुभवों, फिल्म की विषयवस्तु और गढ़वाली सिनेमा के भविष्य को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम में फिल्म के निर्देशक दिनेश पी. भोंसले, मुख्य अभिनेता मोहित घिल्डियाल, मुख्य अभिनेत्री दीपा देऊपा, प्रोडक्शन मैनेजर एवं कास्टिंग डायरेक्टर सुनील सिंह तथा वरिष्ठ नाट्यकर्मी अनिल गोयल उपस्थित रहे। वरिष्ठ फिल्म समीक्षक इरफान ने भी संवाद को रोचक और प्रभावशाली बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

संवाद के दौरान निर्देशक दिनेश पी. भोंसले ने फिल्म की परिकल्पना से लेकर निर्माण तक के सफर को साझा करते हुए बताया कि ‘ढोली’ को पर्दे पर साकार करना पूरी टीम के लिए एक विशेष अनुभव रहा। उन्होंने फिल्म निर्माण के दौरान आई चुनौतियों, कलाकारों की मेहनत और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को सिनेमा के माध्यम से प्रस्तुत करने के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।

मुख्य अभिनेता मोहित घिल्डियाल ने अपने अभिनय अनुभव साझा करते हुए बताया कि फिल्म में अपने किरदार को वास्तविक रूप देने के लिए उन्होंने ढोल बजाना सीखा। इसके लिए उन्होंने विशेष अभ्यास और तैयारी की। उन्होंने बताया कि एक कलाकार के रूप में इस भूमिका ने उन्हें उत्तराखंड की लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को और करीब से समझने का अवसर दिया।

मुख्य अभिनेत्री दीपा देऊपा ने फिल्म में अपने किरदार, कहानी और शूटिंग के दौरान मिले अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि इस फिल्म से उन्हें अभिनय के साथ-साथ पहाड़ की संस्कृति और जीवनशैली को समझने का एक नया अवसर मिला।

वहीं, सुनील सिंह ने कास्टिंग डायरेक्टर एवं प्रोडक्शन मैनेजर के रूप में अपनी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए फिल्म निर्माण के दौरान कलाकारों के चयन, व्यवस्थाओं और विभिन्न चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास और समर्पण से फिल्म को इस मुकाम तक पहुंचाना संभव हुआ।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ नाट्यकर्मी अनिल गोयल एवं वरिष्ठ फिल्म समीक्षक इरफान ने सहज, संवादात्मक और रोचक अंदाज में किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने फिल्म की कहानी, निर्माण प्रक्रिया, प्रचार-प्रसार और इसे अधिकाधिक दर्शकों तक पहुंचाने के विषय में अपने विचार रखे। फिल्म की टीम ने भी सभी सवालों के जवाब देते हुए अपने अनुभव साझा किए।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सुरेश नौटियाल, फिल्म ‘रैबार’ के निर्देशक शिशिर उनियाल, राहुल बडोला, इंदर प्रसाद उनियाल, फिल्म समीक्षक प्रमोद बरमाड़ा, उमाकांत बलूनी, विनोद कुमार रावत, शशि बडोला एवं गीता उनियाल नेगी सहित दिल्ली-एनसीआर के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

उपस्थित सभी लोगों ने फिल्म की टीम को राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और फिल्म को सिनेमाघरों में अधिकाधिक दर्शकों तक पहुंचाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

गढ़वाली सिनेमा के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि

गौरतलब है कि गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (रजत कमल) प्राप्त कर उत्तराखंड के क्षेत्रीय सिनेमा को एक नई पहचान दिलाई है। लगभग 43 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद उत्तराखंड की किसी फिल्म को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान मिलना गढ़वाली फिल्म जगत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।

गढ़वाल भवन में आयोजित यह संवाद कार्यक्रम केवल फिल्म के प्रचार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने उत्तराखंड की भाषा, लोकसंस्कृति और क्षेत्रीय सिनेमा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समाज की सामूहिक जिम्मेदारी को भी रेखांकित किया। वक्ताओं ने माना कि क्षेत्रीय फिल्मों को आगे बढ़ाने के लिए कलाकारों और निर्माताओं के प्रयासों के साथ-साथ समाज का सहयोग, दर्शकों की भागीदारी और सिनेमाघरों तक पहुंच बेहद जरूरी है।

‘ढोली’ की टीम को मिला समाज का स्नेह और सहयोग का भरोसा निश्चित रूप से गढ़वाली सिनेमा के भविष्य के लिए सकारात्मक संदेश है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

two × one =