Views: 0
दिल्ली सरकार ने जारी की अधिसूचना, उत्तराखंड की लोकभाषा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को मिलेगी नई दिशा
नई दिल्ली (अमर संदेश)। दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग ने गढ़वाली, कुमाऊनी एवं जौनसारी अकादमी की नई शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) का पुनर्गठन करते हुए 17 सदस्यीय कार्यकारिणी की घोषणा की है। 18 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार डॉ. धीरज जोशी को अकादमी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं दिल्ली भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. विनोद बछेती और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फलक पर ख्याति प्राप्त सांस्कृतिक संस्था पर्वतीय कला केंद्र दिल्ली के अध्यक्ष चंद्र मोहन पपनै सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
नई कार्यकारिणी का गठन दिल्ली-एनसीआर में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, लोक भाषाओं, साहित्य, लोकगीत-संगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक विरासत को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अकादमी की नई शासी निकाय में मंत्री कपिल मिश्रा (कला, संस्कृति एवं भाषा) को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि डॉ. धीरज जोशी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रमुख सचिव (वित्त), जीएनसीटीडी तथा सचिव, कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग पदेन सदस्य होंगे।
नई कार्यकारिणी में डॉ. विनोद बछेती और चंद्र मोहन पपनै के अलावा प्रो. (डॉ.) सारिका गोसाईं, अर्जुन राणा, तुलसी जोशी, नित्यानंद गैरोला, सत्या जोशी, हरेंद्र डोलिया, माया बिष्ट, विजय लक्ष्मी घनश्याल, निर्मला (नेहा) उप्रेती और जसवंत रावत को सदस्य बनाया गया है। अकादमी के सचिव को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
डॉ. विनोद बछेती व चंद्र मोहन पपनै की नियुक्ति अति महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
दिल्ली भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. विनोद बछेती उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। वहीं चंद्र मोहन पपनै जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फलक पर ख्याति प्राप्त सांस्कृतिक संस्था पर्वतीय कला केंद्र दिल्ली के वर्तमान अध्यक्ष व उक्त ख्यातिरत संस्था से विगत पांच दशकों से निरंतर जुड़े रहे हैं तथा दिल्ली से प्रकाशित प्रमुख साप्ताहिक समाचार पत्र अमर संदेश के मुख्य सलाहकार के साथ-साथ एक लेखक तथा प्रिंट, सोशल मीडिया तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एक जाना पहचाना नाम है को भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। अकादमी की नई कार्यकारिणी में उक्त नामों के सदस्य रूप में नियुक्ति को उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को राजधानी में और अधिक मजबूती देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि गढ़वाली, कुमाऊनी एवं जौनसारी अकादमी दिल्ली में उत्तराखंड की तीनों प्रमुख क्षेत्रीय कुमाऊंनी, गढ़वाली और जौनसारी बोली-भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ लोकसाहित्य, लोककला एवं सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने का कार्य विगत अनेकों वर्षों से करती आ रही है। दिल्ली-एनसीआर में लाखों की संख्या में उत्तराखंड मूल के प्रवासी जन निवास करते हैं, ऐसे में अकादमी की भूमिका केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा और जड़ों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण है।
नई कार्यकारिणी से उम्मीद की जा रही है कि वह गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी बोली-भाषाओं के प्रचार-प्रसार, साहित्यिक आयोजनों, लोक कलाकारों को मंच देने, सांस्कृतिक उत्सवों और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रभावी पहल करेगी।
अधिसूचना के अनुसार पदेन सदस्यों को छोड़कर अन्य सदस्यों का कार्यकाल अधिसूचना जारी होने की तिथि से दो वर्ष निर्धारित की गई है।
Related