Views: 0
भारतीय रेलवे ने 5.3 किलोमीटर लंबी सुरंग नंबर-10 का ब्रेकथ्रू किया हासिल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में हिमालयी क्षेत्रों में रेल कनेक्टिविटी का सपना हो रहा साकार
अमर संदेश | नई दिल्ली/सिक्किम।भारतीय रेलवे देश के दुर्गम एवं सीमावर्ती क्षेत्रों को आधुनिक रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में रेलवे की विकास यात्रा में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। सिक्किम को पहली बार रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी सिवोक-रंगपो नई रेल लाइन परियोजना में भारतीय रेलवे ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस परियोजना की सबसे लंबी 5.3 किलोमीटर की सुरंग नंबर-10 की खुदाई का कार्य 27 नवंबर 2026 को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। इसके साथ ही परियोजना की सभी 14 सुरंगों की खुदाई का काम संपन्न हो गया है।
रेलवे की यह उपलब्धि केवल निर्माण कार्य की सफलता नहीं, बल्कि हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक इंजीनियरिंग, तकनीकी क्षमता और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में आधारभूत ढांचे के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रगति से सिक्किम को देश के राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने का रास्ता और मजबूत हुआ है।
5.3 किलोमीटर लंबी सुरंग का ब्रेकथ्रू, सभी 14 सुरंगों की खुदाई पूरी
सिवोक-रंगपो परियोजना की सुरंग नंबर-10 इस रेल मार्ग की सबसे लंबी सुरंग है। लगभग 5.3 किलोमीटर लंबी इस सुरंग की खुदाई दोनों छोरों और दो एक्सेस सुरंगों के माध्यम से की गई। इंजीनियरों और निर्माण टीमों के निरंतर प्रयासों से सुरंग के दोनों ओर से की जा रही खुदाई का कार्य सफलतापूर्वक एक-दूसरे से जुड़ गया। इस उपलब्धि के साथ परियोजना की सभी 14 सुरंगों की खुदाई पूरी हो चुकी है।
अब परियोजना के अगले चरण में सुरंगों की लाइनिंग, रेलवे ट्रैक बिछाने और आधुनिक रेलवे सुरक्षा प्रणालियों की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।
45 किलोमीटर लंबी रेल लाइन, 23 पुल और 14 सुरंगें
सिवोक-रंगपो नई ब्रॉड गेज रेल लाइन लगभग 45 किलोमीटर लंबी है। यह परियोजना पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों तथा सिक्किम के पाकयोंग जिले से होकर गुजरती है। हिमालय के कठिन पहाड़ी भूभाग में निर्मित हो रही इस रेल लाइन का लगभग 86 प्रतिशत हिस्सा सुरंगों से होकर गुजरता है। परियोजना में कुल 14 सुरंगों के साथ 23 पुलों का निर्माण भी शामिल है।
इस रेल मार्ग पर सिवोक, रियांग, मेल्ली और रंगपो रेलवे स्टेशन होंगे। इसके अतिरिक्त तीस्ता बाजार में भूमिगत हॉल्ट भी बनाया जाएगा। सिवोक में यह रेल लाइन मौजूदा न्यू जलपाईगुड़ी-अलीपुरद्वार रेलवे मार्ग से जुड़ेगी, जिससे सिक्किम को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से सीधा संपर्क मिलेगा।
पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया आधार
परियोजना पूरी होने और रेल सेवा शुरू होने के बाद सिक्किम देश के अन्य हिस्सों से सीधे रेल मार्ग के माध्यम से जुड़ जाएगा। इससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवागमन का एक सुरक्षित, सुविधाजनक और भरोसेमंद विकल्प उपलब्ध होगा।
वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग-10 इस क्षेत्र के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। रेल संपर्क विकसित होने से सड़क परिवहन पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही आसान होगी, स्थानीय व्यापारियों और उद्यमियों को बड़े बाजारों तक पहुंच मिलेगी तथा पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
हिमालयी क्षेत्रों में विकास की नई इबारत लिख रहा भारतीय रेलवे
भारतीय रेलवे की यह उपलब्धि बताती है कि देश के दुर्गम पहाड़ी और रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी आधुनिक परिवहन सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। सिवोक-रंगपो रेल परियोजना सिक्किम के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास के लिए दूरगामी महत्व रखती है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में रेलवे की आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में जारी प्रयासों के बीच यह उपलब्धि देश के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के संकल्प को नई मजबूती प्रदान करती है। आने वाले समय में इस रेल संपर्क से सिक्किम के लोगों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जुड़ने का नया अवसर मिलेगा।
Related