दिल्लीराष्ट्रीय

रेलवे हुआ सर्वश्रेष्ठ चुनावी अभ्यास पुरस्कार 2024-25 से सम्मानित  

दिल्ली।देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 15वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भारतीय रेलवे में मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी के लिए सर्वश्रेष्ठ सरकारी विभाग में सर्वश्रेष्ठ चुनावी अभ्यास पुरस्कार 2024-25 से सम्मानित किया। यह पुरस्कार रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और सीईओ श्री सतीश कुमार ने प्राप्त किया। भारतीय रेल को अपने बुनियादी ढांचे का सर्वोत्तम उपयोग करने और देश भर में मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए भारत के चुनाव आयोग के साथ साझेदारी के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह मान्यता लोकसभा चुनाव 2024 में भारतीय रेल की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर करती है, जहां इसने मतदाता जागरूकता और लॉजिस्टिक समर्थन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

 

 

मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने और चुनावों में नागरिकों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए, भारतीय रेल ने, भारत के चुनाव आयोग के सहयोग से, मतदाता हेल्पलाइन विवरण प्रसारित करने के लिए स्टेशनों, आधिकारिक वेबसाइटों और मोबाइल एप्लिकेशन पर अपने रेल डिस्प्ले नेटवर्क (आरडीएन) का लाभ उठाया। रेलवे स्टेशनों पर पहले से रिकॉर्ड की गई घोषणाएं भी की गईं। इसके अतिरिक्त, युवाओं को चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित करने और संलग्न करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के समन्वय से कश्मीर घाटी में विशेष ट्रेन, स्वीप एक्सप्रेस संचालित की गई थी। #ChunavKaParv और #DeshKaGarv जैसे हैशटैग के साथ सोशल मीडिया अभियानों ने भागीदारी को बढ़ावा दिया।

रेलवे ने निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए देश भर में 383 ट्रेनों के माध्यम से 3,74,000 से अधिक अर्ध-सैन्य कर्मियों के सुरक्षित और निर्बाध परिवहन की सुविधा भी प्रदान की। भारतीय रेल ने राष्ट्र के लोकतंत्र को आकार देने में मतदान के महत्व पर जोर देते हुए नागरिक भागीदारी को प्रभावी ढंग से बढ़ावा दिया।

Share This Post:-
Post Views: 58 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *