दिल्ली

दिल्ली के विकास में उत्तराखण्ड के लोगों का महत्वपूर्ण योगदान: –प्रवेश साहिब सिंह

गढ़वाल भवन में 124 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, शिक्षा पर ध्यान देने की दी सलाह

Amar sandesh नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि दिल्ली के विकास में उत्तराखण्ड के लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उत्तराखण्ड के लोगों ने अपनी मेहनत, ईमानदारी और प्रतिभा के बल पर दिल्ली के निर्माण और विकास में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।


गढ़वाल भवन में आयोजित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली मेधावी छात्र सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए प्रवेश साहिब सिंह ने सम्मानित विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में प्रगति का सबसे महत्वपूर्ण रास्ता शिक्षा है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल के मोह से दूर रहकर पढ़ाई और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज विद्यार्थियों का सम्मान उनकी योग्यता और मेधा का सम्मान है। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और समाज को जोड़ने के कार्य के लिए गढ़वाल हितैषिणी सभा का आभार व्यक्त किया।
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली जैसी महान शख्सियत के नाम पर स्थापित सम्मान से सम्मानित होना अपने आप में गर्व की बात है। उन्होंने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए गढ़वाल हितैषिणी सभा के प्रयासों की सराहना की और कहा कि संस्था समाज को जोड़ने तथा अपनी संस्कृति एवं प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।

124 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

समारोह में कक्षा 10वीं के 66 और 12वीं के 44 विद्यार्थियों, जिन्होंने 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए, के साथ 14 विशेष योग्यता वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रत्येक विद्यार्थी को पुरस्कार स्वरूप 2,100 रुपये नकद, स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसमें 1,100 रुपये गढ़वाल हितैषिणी सभा तथा 1,000 रुपये लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह की ओर से दिए गए।
कक्षा 10वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली कु. आरना ममगाईं (98.6 प्रतिशत) प्रथम तथा अनिकेत जुयाल द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं 12वीं में कु. शरवी रावत (98.2 प्रतिशत) प्रथम तथा आर्यन ढौंडियाल (97.2 प्रतिशत) द्वितीय स्थान पर रहे।
स्मृति चिह्न एडवोकेट धनीराम अंथवाल के गोविंदराम रमा देवी ट्रस्ट द्वारा प्रायोजित किए गए, जबकि बैंजोश इंटरप्राइजेज की ओर से प्रत्येक विद्यार्थी को गिफ्ट पैक प्रदान किया गया।
सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को अतिरिक्त सम्मान
साच ट्रस्ट के संस्थापक ललित प्रसाद ढौंडियाल ने पूर्व वर्षों की परंपरा को जारी रखते हुए सरकारी स्कूलों के सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अतिरिक्त पुरस्कार प्रदान किए। 10वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले अहम कुकरेती तथा 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली सोम्या त्रिपाठी को 5,100-5,100 रुपये की अतिरिक्त सम्मान राशि दी गई।

विशेष उपलब्धियों के लिए 14 प्रतिभाओं का सम्मान

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें कु. आंचल डोभाल (चार्टर्ड अकाउंटेंट), कु. अंजलि पुरोहित (नीट), अंशिका भंडारी (नीट), अर्णव शर्मा (एनडीए), आर्यन चौहान (नीट), आर्यन डोभाल (गेट), धीरज जोशी (आईआईटी), लक्ष्य ढौंडियाल (जेआरएफ), मेहुल गुसाईं (नीट), नीतिका नेगी (फुटबॉल), परिनामिका (गेट), सुमन रावत (श्रीलंका में नृत्य-कला गुरू रत्न सम्मान), विप्रा डोबरियाल (नृत्य) तथा श्वेता सजवाण (एनडीए) शामिल रहीं।
समारोह की शुरुआत नेपाल में आई आपदा में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। वंदेमातरम गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जबकि राष्ट्रगान के साथ समापन हुआ। घुघूती सांस्कृतिक मंच के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति के रंग बिखेरे।
सभा अध्यक्ष सूरत सिंह रावत के स्वागत भाषण से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। संचालन सभा महासचिव पवन कुमार मैठाणी ने किया।
इस अवसर पर डूटा अध्यक्ष प्रो. वी.एस. नेगी, एडवोकेट धनीराम अंथवाल, शिक्षाविद संजय भारतीय, निगम पार्षद वीर सिंह पंवार, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. हरेंद्र असवाल, प्रो. सुरेश बंदूनी, उद्यमी दीपक बनियाल, अभियंता नरेंद्र सिंह कठैत, ललित प्रसाद ढौंडियाल, महावीर सिंह राणा, लाखीराम डबराल, नई दिल्ली भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय तड़ियाल, संजय उनियाल, पुष्कर करासी, भजन सिंह रावत, जोत सिंह नेगी, एसीपी (सेवानिवृत्त) मोहन सिंह रावत, विनोद बडोला तथा पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *