गढ़वाल भवन में मिला ‘वीर चंद्र सिंह गढ़वाली प्रतिभावान छात्र सम्मान-2026’
Amar sandesh नई दिल्ली। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग की बेटी और भारतीय सेना की लेफ्टिनेंट शेवता सजवाण की उल्लेखनीय उपलब्धि पर गढ़वाल हितैषिणी सभा की ओर से नई दिल्ली स्थित गढ़वाल भवन में ‘वीर चंद्र सिंह गढ़वाली प्रतिभावान छात्र सम्मान समारोह-2026’ का आयोजन कर उन्हें सम्मानित किया गया।
लेफ्टिनेंट शेवता सजवाण की व्यस्तता के चलते उनके माता-पिता श्रीमती उषा सजवाण एवं श्री देवेन्द्र सिंह सजवाण ने उनकी ओर से सम्मान ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि देवेन्द्र सिंह सजवाण गढ़वाल भवन की कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं।
समारोह में समाजसेवी महावीर राणा सहित गढ़वाल हितैषिणी सभा के आजीवन सदस्य, कार्यकारिणी पदाधिकारी एवं महिला कार्यकारिणी की सदस्य उपस्थित रहीं। इस अवसर पर श्रीमती निर्मल कोटनाला, रेनु उनियाल, सीमा गुसाईं, देवेन्द्र जोशी सहित अन्य सदस्यों एवं समाज के लोगों ने लेफ्टिनेंट शेवता सजवाण की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बेटियों की सफलता पूरे उत्तराखंड का गौरव
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि लेफ्टिनेंट शेवता सजवाण की सफलता उत्तराखंड की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।
वक्ताओं ने कहा कि आज उत्तराखंड की बेटियां शिक्षा, सेना, प्रशासन, खेल और विभिन्न सेवा क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। शेवता सजवाण जैसी बेटियों की उपलब्धियां समाज की अन्य युवतियों को भी अपने सपनों को साकार करने के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
प्रतिभाओं को सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी
गढ़वाल हितैषिणी सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की प्रतिभाशाली युवा पीढ़ी को सम्मानित करना केवल सम्मान देने की परंपरा नहीं, बल्कि उनके मनोबल को बढ़ाने और आने वाली पीढ़ी को प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में मेहनत और सफलता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है।
समारोह में उपस्थित लोगों ने लेफ्टिनेंट शेवता सजवाण के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि देवभूमि उत्तराखंड की गौरवशाली परंपरा और बेटियों की बढ़ती शक्ति का प्रतीक है।
कार्यक्रम का समापन शुभकामनाओं एवं आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।इस अवसर पर अमर संदेश समाचार पत्र के संपादक अमर चंद ने लेफ्टिनेंट शेवता सजवाण की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ओर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटी की इस उपलब्धियां पूरे समाज के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय हैं।