दिल्लीबिहार

छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोकआस्था और प्रकृति उपासना का अनुपम प्रतीक – नितिन नबीन

 स्वच्छता, पवित्रता और अनुशासन के साथ मनाया जाने वाला यह पर्व समाज को एकजुट कर हमारी समृद्ध लोकपरंपराओं को आगे बढ़ाता है।

 

 

Amar sandesh दिल्ली/पटना, 15 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को बिहार की राजधानी पटना स्थित अपने आवास पर छठ महापर्व के तीसरे दिन संध्याकालीन अर्घ्य के अवसर पर पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने छठी मैया से समस्त देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही देशभर में छठ महापर्व मना रहे श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर नितिन नबीन ने छठ महापर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छठ हमारी संस्कृति और लोकआस्था का ऐसा महान पर्व है, जो प्रकृति के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और समर्पण का संदेश देता है। हमारी परंपरा की विशेषता है कि हम अस्त होते और उदित होते सूर्य, दोनों को समान श्रद्धा और विश्वास के साथ नमन करते हैं। यही हमारी लोकआस्था और जीवन मूल्यों की विशिष्ट पहचान है।

उन्होंने कहा कि बिहार की समृद्ध संस्कृति और लोकपरंपराओं का प्रतीक छठ महापर्व आज पूरे बिहार सहित देशभर में हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले बिहार के लोग ही नहीं, बल्कि विदेशों में रह रहे भारतीय भी पूरी आस्था के साथ इस महापर्व में सहभागी बन रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि स्वच्छता, पवित्रता, शुचिता और अनुशासन के साथ मनाया जाने वाला छठ महापर्व प्रकृति की उपासना का अनूठा उदाहरण है। हमारी परंपरा प्रकृति के विभिन्न स्वरूपों की पूजा करने और उसके प्रति आभार व्यक्त करने की रही है। बिहार में भगवान सूर्य के साथ गंगा मैया और प्रकृति की आराधना की समृद्ध परंपरा सदियों से चली आ रही है। छठ पर्व हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने तथा स्वच्छता और पवित्रता के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने आगे कहा कि हमारी संस्कृति, रीति-रिवाज और परंपराएं हमारी पहचान और गौरव का आधार हैं। छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और सामूहिक चेतना का भी प्रतीक है। यह पर्व समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में पिरोने के साथ हमारी समृद्ध लोकपरंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

नितिन नबीन ने कामना की कि छठी मैया का आशीर्वाद सभी देशवासियों पर बना रहे और यह पावन महापर्व हर परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

fourteen + five =