Post Views: 0
कृषि, खाद्य सुरक्षा और किसान सम्मान की रक्षा के लिए कांग्रेस की प्रतिबद्धता दोहराई
Amar sandesh नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की कृषि नीतियों पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत का किसान देश की अर्थव्यवस्था, खाद्य सुरक्षा और सामाजिक स्थिरता की मजबूत नींव है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान नीतिगत फैसलों से किसानों की सुरक्षा और आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है तथा कृषि क्षेत्र में बाहरी प्रभाव बढ़ने का खतरा उत्पन्न हो रहा है।
राहुल गांधी ने विशेष रूप से कपास, सोयाबीन, सेब और अन्य फसलों से जुड़े किसानों की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय किसानों के पास सीमित जोत, संसाधनों की कमी, उचित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की अनिश्चितता और पर्याप्त मैकेनाइजेशन का अभाव जैसी गंभीर समस्याएँ हैं। इसके विपरीत विकसित देशों के किसानों को व्यापक सब्सिडी, आधुनिक तकनीक और बड़े पैमाने की खेती का लाभ मिलता है। ऐसे असमान हालात में सरकार का दायित्व है कि वह भारतीय किसानों की आय, सुरक्षा और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के अधिकार, सम्मान और भविष्य की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार के अन्याय के विरुद्ध लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। संसद के भीतर और बाहर किसानों की आवाज़ बुलंद करना उनकी जिम्मेदारी है और वे किसानों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी नेतृत्व तथा कार्यकर्ताओं ने भी एक स्वर में किसानों के समर्थन को दोहराते हुए कहा कि देश की कृषि व्यवस्था को सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
Like this:
Like Loading...
Related