Post Views: 0
Amar sandesh दिल्ली/रुद्रप्रयाग। श्रद्धा, आस्था और दिव्यता के अद्भुत संगम केदारनाथ धाम के कपाट आज विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में कपाट खुलते ही पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के उद्घोष से गूंज उठा। परंपरा के अनुसार पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न हुई।
इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उन्होंने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच कपाट उद्घाटन का दृश्य अत्यंत दिव्य और अलौकिक बन गया।
मुख्यमंत्री धामी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केदारनाथ धाम न केवल सनातन आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
सुरक्षित और सुगम यात्रा के व्यापक इंतजाम
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और आतिथ्य भाव बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बाबा केदारनाथ का अनन्य भक्त बताते हुए कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद उनके मार्गदर्शन में धाम का भव्य पुनर्निर्माण हुआ, जो आज विश्वभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।
फूलों से सजा धाम, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा
भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर से गुप्तकाशी, फाटा और गौरीकुंड होते हुए मंगलवार शाम धाम पहुंची। आज सुबह 5 बजे से कपाट खोलने की प्रक्रिया शुरू हुई।
रावल भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी गंगाधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत धर्माचार्यों और वेदपाठियों ने गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना की। ठीक 8 बजे कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।
कपाट उद्घाटन के अवसर पर मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
इस दौरान गीता धामी, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, तीर्थ पुरोहित और श्रद्धालु मौजूद रहे।
Like this:
Like Loading...
Related