नई सोच नई जागृति (पंजी.) एनजीओ द्वारा समाजसेवियों एवं पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया गया
Amar sandesh दिल्ली।सामाजिक संस्था नई सोच नई जागृति (पंजी.) एनजीओ द्वारा दो दिवसीय विशेष अभियान के अंतर्गत समाज में कानून एवं व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, जनसुरक्षा को बढ़ावा देने तथा समुदाय में विश्वास एवं सहयोग की भावना को मजबूत करने हेतु उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं प्रमुख समाजसेवियों को प्रशंसा प्रमाण पत्र, शाल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रीत विहार सब-डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त श्री अशोक कुमार, महिला दिवस के उपलक्ष्य में ट्रेनिंग सहायक आयुक्त मैडम सीमा तोमर, थाना शकरपुर के एसएचओ श्री कमल किशोर, एटीओ थाना शकरपुर श्री विजेंद्र सिंह, दिल्ली प्रदेश विधिक एवं मानवाधिकार विभाग डीपीसीसी के महासचिव एडवोकेट हरीश गोला, तथा समाजसेवी एवं स्वर्णकार सर्वोदय संघ के सम्मानित सदस्य श्री कौशल कपूर को शाल, स्मृति कप एवं प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समिति के अध्यक्ष श्री एस.पी. शर्मा ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई सोच नई जागृति संस्था लंबे समय से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है तथा समाजसेवियों एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों के उत्साहवर्धन हेतु समय-समय पर उन्हें सम्मानित करती रहती है।
इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त श्री अशोक कुमार ने कहा कि नई सोच नई जागृति द्वारा किए जा रहे यथार्थवादी एवं जनहितकारी कार्य सराहनीय हैं और आशा व्यक्त की कि संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार समाज में सकारात्मक बदलाव लाने हेतु कार्य करती रहेगी।
थाना शकरपुर के एसएचओ श्री कमल किशोर ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सामूहिक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देते हैं तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हैं, जिससे सकारात्मक परिणाम प्राप्त होते हैं।
एटीओ थाना शकरपुर श्री विजेंद्र सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस सदैव जनहित एवं क्षेत्र की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और समाज के सहयोग से ऐसे प्रयास और अधिक सफल होते हैं।
इस अवसर पर एडवोकेट हरीश गोला एवं श्री कौशल कपूर ने संयुक्त रूप से कहा कि विभिन्न त्योहारों, आपात परिस्थितियों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस एवं पब्लिक समन्वय समिति निरंतर कार्य कर रही है, जिसके लिए दिल्ली पुलिस सराहना की पात्र है। उन्होंने इस प्रेरणादायक कार्यक्रम के आयोजन के लिए नई सोच नई जागृति के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
संस्था के लीगल एडवाइजर एडवोकेट राजीव धवन ने संस्था के उद्देश्यों एवं पूर्व में किए गए सामाजिक कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्था निरंतर निस्वार्थ भाव से समाज सेवा के कार्य कर रही है और समाज का सहयोग भी निरंतर प्राप्त हो रहा है।
इस सादे समारोह में संस्था के महासचिव योगेश गोसाई, सचिव सुषमा वाही, महिला सेल इंचार्ज श्रीमती सिमरन कौर, महिला सेल सचिव श्रीमती महिमा रस्तोगी, कोषाध्यक्ष मनीष कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्तियो ने विचार रखें ।

