Amar sandesh दिल्ली/देहरादून। भाजपा की प्रदेश इकाई जल्द ही अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा करने वाली है। इसमें कुल 31 पदाधिकारी शामिल होंगे। इनमें आठ उपाध्यक्ष, आठ मंत्री, चार महामंत्री, एक महामंत्री (संगठन), एक मीडिया प्रभारी, एक कोषाध्यक्ष और एक कार्यालय सचिव होगा। इसके साथ ही सात मोर्चों—युवा, किसान, महिला, अनुसूचित जाति, ओबीसी, अल्पसंख्यक और अनुसूचित जनजाति—के अध्यक्ष भी घोषित किए जाएंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट दिल्ली से लौट आए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार तीन-चार दिनों में घोषणा हो सकती है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि पूरी तैयारी हो चुकी है और बस औपचारिक घोषणा बाकी है।
महेंद्र भट्ट को जुलाई 2025 में लगातार दूसरी बार निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुना गया था। यह 25 वर्षों में पहला मौका है जब किसी प्रदेश अध्यक्ष को लगातार दूसरा कार्यकाल मिला।
प्रदेश संगठन की नई टीम बूथ स्तर तक काम को मजबूत करेगी और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटेगी। माना जा रहा है कि इस बार महामंत्री पद में किसी महिला को भी जिम्मेदारी मिल सकती है।
पार्टी में पिछले दिनों गुटबाजी की चर्चा रही है। संगठन और सरकार के बीच तालमेल को लेकर सवाल उठे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत कई नेताओं के अलग रुख ने तनाव को और बढ़ाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार के लिए भी नई टीम का गठन अहम माना जा रहा है।