Post Views: 0
नवगठित नागालैंड स्टेट सॉफ्ट हॉकी एसोसिएशन का गठन*
Amar sandesh दिल्ली/दीमापुर (नागालैंड):नागालैंड सॉफ्ट हॉकी एसोसिएशन के चुनाव शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न हुए। 
चुनाव प्रक्रिया के उपरांत नव निर्वाचित पदाधिकारियों की सूची चुनाव अधिकारी श्री बी सेतासो संगथम द्वारा नेशनल ऑब्जर्वर डॉ. आदित्य नाग को औपचारिक रूप से सौंपी गई। इसके साथ ही नागालैंड स्टेट सॉफ्ट हॉकी एसोसिएशन का विधिवत गठन चुनाव के माध्यम से किया गया।
गठन के पश्चात सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सॉफ्ट हॉकी लीग ऑफ इंडिया के नेशनल वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय प्रभारी डॉ. आदित्य नाग एवं सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव रमेश सिंह द्वारा पारंपरिक रूप से माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया।
नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष त्रिजुंगलिबा सनगथम,महासचिव तेलीननुषकी इमचैन,कार्यवाहक सचिव (स्पेशल सेक्रेटरी) सुश्री सऊटोला चांग, एवं कोषाध्यक्ष खमलिबा टी सनगथम सहित सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के साथ एक औपचारिक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए डॉ. आदित्य नाग ने बताया कि नागालैंड के जुड़ने के साथ अब देश के 21 राज्यों में सॉफ्ट हॉकी की राज्य स्तरीय एसोसिएशन सक्रिय हो चुकी हैं।
उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही नागालैंड में टैलेंट सर्च प्रोग्राम तथा रेफरी ट्रेनिंग प्रोग्राम की शुरुआत की जाएगी, जिससे स्थानीय युवाओं को खेल में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा
डॉ. नाग ने कहा,“यह हर्ष का विषय है कि सॉफ्ट हॉकी आदिवासी समुदाय के पारंपरिक खेलों से प्रेरित एक आधुनिक और सुरक्षित खेल है।
नागालैंड एक ट्राइबल एरिया होने के कारण यहाँ से genetically मजबूत और प्रतिभाशाली खिलाड़ी उभरेंगे, जो राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और राज्य का नाम रोशन करेंगे।”
वहीं महासचिव रमेश सिंह ने जानकारी दी कि राज्य के लिए एक वार्षिक खेल कैलेंडर तैयार किया जाएगा, जिसके अनुसार सभी गतिविधियाँ सुचारू रूप से संचालित होंगी। तहसील, जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय चैंपियनशिप को इसी सारिणी के अनुसार लागू किया जाएगा। साथ ही “हर घर हॉकी अभियान” को भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, जिससे खेल को जन-जन तक पहुँचाया जा सके।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष त्रिजुंगलिबा सनगथम ने इस महत्वपूर्ण खेल को नागालैंड में नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने तन, मन और धन से संगठन को सकारात्मक दिशा में आगे ले जाने का पूरा प्रयास करेंगे।
उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया और विश्वास दिलाया कि सॉफ्ट हॉकी को राज्य के युवाओं के लिए एक सशक्त मंच बनाया जाएगा।
सॉफ्ट हॉकी एक सुरक्षित, तीव्र और कौशल-आधारित खेल है, जो बच्चों और युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क, फिटनेस और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। यह खेल ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में कम संसाधनों के साथ भी आसानी से खेला जा सकता है, जिससे यह ग्रासरूट स्तर पर खेल संस्कृति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है।
नागालैंड में सॉफ्ट हॉकी एसोसिएशन का गठन न केवल खेल के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह राज्य के युवाओं के लिए नए अवसरों और उज्ज्वल भविष्य का द्वार भी खोलेगा।
Like this:
Like Loading...
Related