Post Views: 0
केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और अनुप्रिया पटेल करेंगे उद्घाटन, फार्मा सेक्टर के दिग्गज होंगे शामिल
Amar sandesh
नई दिल्ली।भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अंतर्गत औषध विभाग द्वारा इंडिया फार्मा 2026 के 9वें संस्करण का आयोजन 13 और 14 अप्रैल को नई दिल्ली स्थित फिक्की के फेडरेशन हाउस में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का आयोजन फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) और इंडियन फार्मास्युटिकल एलायंस (आईपीए) के सहयोग से किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल द्वारा किया जाएगा।
इस वर्ष सम्मेलन की थीम “भारत में खोजें: जीवन विज्ञान नवाचार में अभूतपूर्व प्रगति” रखी गई है, जो भारत को वैश्विक फार्मा नवाचार केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
दो दिवसीय इस आयोजन में नीति निर्माताओं, उद्योगपतियों और विशेषज्ञों की भागीदारी रहेगी। प्रमुख प्रतिभागियों में औषध विभाग के सचिव मनोज जोशी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सचिव पुण्या सलीला श्रीवास्तव और विनोद के. पॉल शामिल हैं।
इसके अलावा, जैव प्रौद्योगिकी क्षेत्र की विशेषज्ञ रेणु स्वरूप और शिवकुमार कल्याणरमन भी कार्यक्रम में भाग लेंगी।
नियामकीय पहलुओं पर चर्चा के लिए डीसीजीआई राजीव सिंह रघुवंशी, सीडीएससीओ के डॉ. ए. विसाला और यूएस एफडीए के कंट्री डायरेक्टर ग्रेगरी स्मिथ भी मौजूद रहेंगे।
उद्योग जगत का प्रतिनिधित्व करते हुए दिलीप संघवी, पंकज पटेल, अर्जुन जुनेजा, अचिन गुप्ता, विंसलो टकर और कार्तिक राजेंद्रन शामिल होंगे।
कार्यक्रम में स्टार्ट-अप शोकेस के साथ-साथ छह प्रमुख सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें नवाचार, नियामकीय ढांचा, एआई तकनीक, सीआरडीएमओ क्षमता, वित्तपोषण और रणनीतिक विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
यह आयोजन भारत की फार्मा इंडस्ट्री को मात्रा-आधारित मॉडल से मूल्य और नवाचार आधारित वैश्विक शक्ति में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Like this:
Like Loading...
Related