गोवा बनेगा वैश्विक ऊर्जा मंथन का केंद्र, 27–30 जनवरी को इंडिया एनर्जी वीक 2026
Amar sandesh नई दिल्ली | केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आज अपने आवास पर मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इंडिया एनर्जी वीक (IEW) 2026 का आयोजन 27 से 30 जनवरी 2026 तक ओएनजीसी एटीआई, गोवा में किया जाएगा।गोवा बनेगा वैश्विक ऊर्जा मंथन का केंद्र, 27–30 जनवरी को इंडिया एनर्जी वीक 2026 कहा कि यह वर्ष का पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कार्यक्रम होगा।
उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि इंडिया एनर्जी वीक 2026 में दुनिया भर के ऊर्जा मंत्री, उद्योग जगत के नेता, नीति निर्माता, बैंक और वित्तीय संस्थान, शिक्षाविद और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल होंगे। इस मंच पर ऊर्जा सुरक्षा, निवेश बढ़ाने और पर्यावरण को नुकसान कम करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि इंडिया एनर्जी वीक हर साल लगातार बड़ा होता जा रहा है।
वर्ष 2023 में करीब 30 हजार लोग शामिल हुए थे।
2024 में यह संख्या 45 हजार से अधिक रही।
2025 में 68 हजार से ज्यादा लोग इस आयोजन से जुड़े।
उन्होंने बताया कि इंडिया एनर्जी वीक 2026 अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा, जिसमें,75 हजार से अधिक प्रतिनिधि,
600 से ज्यादा कंपनियां,180 अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शक,
और 500 से अधिक वक्ता शामिल होंगे।
मीडिया से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि 17 देशों के मंत्री और उप-मंत्री इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके अलावा कई अंतरराष्ट्रीय संगठन भी इसमें शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इससे वैश्विक ऊर्जा क्षेत्र में भारत की भूमिका और मजबूत होगी।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी को 11 अलग-अलग हिस्सों में आयोजित किया जाएगा, जिनमें हाइड्रोजन, नवीकरणीय ऊर्जा, जैव ईंधन, एलएनजी, डिजिटल तकनीक, मेक इन इंडिया और नेट-ज़ीरो जैसे विषय शामिल होंगे। इस बार परमाणु ऊर्जा और सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान कई बड़े समझौते और समझौता ज्ञापन (एमओयू) होने की संभावना है, जिससे ऊर्जा क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा और रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री का विशेष राउंडटेबल संवाद भी होगा, जिसमें देश और दुनिया की बड़ी कंपनियों के प्रमुख शामिल होंगे। इसका उद्देश्य भारत में निवेश और सहयोग को बढ़ावा देना है।
उन्होंने यह भी कहा कि स्टार्टअप्स और युवाओं को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां नई तकनीक और नए विचारों को आगे लाया जाएगा।
अंत में श्री पुरी ने कहा कि इंडिया एनर्जी वीक 2026 भारत की ऊर्जा सुरक्षा, आर्थिक विकास और पर्यावरण संतुलन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा और भारत को वैश्विक ऊर्जा मंच पर एक मजबूत भूमिका दिलाएगा।
