Post Views: 0
अमर चंद्र
नई दिल्ली। दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भारत बिजली शिखर सम्मेलन 2026 में एनटीपीसी का अत्याधुनिक मंडप “Powering Clean Energy with Infinite Possibilities” थीम के साथ लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। यहां स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार और भविष्य की तकनीकों का ऐसा समागम देखने को मिला, जिसने हर आगंतुक को प्रभावित किया।
NTPC मंडप के अवलोकन के दौरान अमर संदेश से बातचीत के दौरान एनटीपीसी के सीसी विभाग के अधिकारी सुपर्ण कालरा ने विस्तार से बताया कि कंपनी वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए स्वच्छ ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन और उन्नत ऊर्जा भंडारण तकनीकों पर तेजी से कार्य कर रही है।
प्रदर्शनी में चार प्रमुख अत्याधुनिक मॉडल वेस्ट-टू-ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट, वैनाडियम रेडॉक्स बैटरी, एनर्जी स्टोरेज सिस्टम और ग्रीन हाइड्रोजन हब विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इन मॉडलों के माध्यम से यह दर्शाया गया कि किस प्रकार एनटीपीसी डिकार्बोनाइजेशन और ऊर्जा संक्रमण की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।
इसके साथ ही 3D एलईडी क्यूब ने ऊर्जा उत्पादन के पांच प्रमुख तत्वों को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया, जबकि काइनेटिक वॉल और इंटरैक्टिव जर्नी वॉल ने एनटीपीसी की अब तक की यात्रा और भविष्य की योजनाओं को जीवंत बना दिया। एनामॉर्फिक विजुअल्स और होलोग्राफिक डिस्प्ले के जरिए परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में कंपनी की संभावनाओं की भी झलक देखने को मिली।
युवा और तकनीक प्रेमियों के लिए बनाए गए वीआर एवं गेमिंग जोन और इंटरैक्टिव क्विज़ रोबोट ने इस मंडप को ज्ञान और अनुभव का अनूठा संगम बना दिया।
कुल मिलाकर, एनटीपीसी का यह मंडप न केवल तकनीकी उत्कृष्टता का प्रतीक बना, बल्कि यह भी साबित करता है कि भारत स्वच्छ, हरित और आत्मनिर्भर ऊर्जा भविष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।
Like this:
Like Loading...
Related