Amar sandesh पंचूर (पौड़ी गढ़वाल)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान शुक्रवार को पैतृक गांव पंचूर पहुंचे और वहीं रात्रि विश्राम किया। शनिवार सुबह उन्होंने गांव के बड़े-बुजुर्गों का हालचाल जाना, परिजनों से भेंट की और बच्चों पर स्नेह लुटाते हुए आत्मीय संवाद स्थापित किया। उनकी सहजता, विनम्रता और आत्मीय व्यवहार ने ग्रामीणों को भाव-विभोर कर दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांव में भ्रमण करते हुए बच्चों से बातचीत की, उन्हें दुलार किया और चॉकलेट वितरित की। एक मासूम को गोद में लेकर स्नेहपूर्वक खिलाने का दृश्य उपस्थित लोगों के लिए अत्यंत भावुक क्षण बन गया। बच्चों ने भी पूरे अपनत्व के साथ मुख्यमंत्री से संवाद किया, जबकि ग्रामीणों ने उनके साथ स्मृति-चित्र लिए।
भ्रमण के दौरान एक बच्चे ने मुख्यमंत्री को फूल भेंट किया, जिस पर उन्होंने प्रेमपूर्वक उसे खाने का सामान दिया। बच्चे द्वारा वह सामान अपने दादा को सौंपने पर मुख्यमंत्री मुस्कुराए और स्नेहभरे शब्दों में कहा— “हम भी तेरे दादा लगते हैं।” यह आत्मीय क्षण वहां उपस्थित सभी लोगों के हृदय को छू गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को अपने गांव में रहकर खेती-बाड़ी से जुड़ने के लिए प्रेरित किया और स्थानीय जीवन-शैली को सशक्त बनाने का संदेश दिया। उनका यह आत्मीय, मानवीय और पारिवारिक व्यवहार न केवल ग्रामीणों के लिए स्मरणीय रहा, बल्कि जन-नेता के रूप में उनकी संवेदनशील छवि को भी सुदृढ़ करता है।