दिल्लीराष्ट्रीय

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में डायरेक्ट सेलिंग वूमेन एंटरप्रेन्योरशिप सम्मिट के तीसरे संस्करण का हुआ आयोजन

डायरेक्ट सेलिंग इंडस्ट्री महिलाओं को उद्यमी बना रही है : प्रहलाद जोशी

डायरेक्ट सेलिंग महिलाओं की आर्थिक आज़ादी को ताकत दे रही : -अर्जुन राम मेघवाल

Amar sandesh दिल्ली/गुरुग्राम, 09 मार्च। उपभोक्ता मामलों के केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा है कि डायरेक्ट सेलिंग इंडस्ट्री महिलाओं को सफल उद्यमी बनाने का काम कर रही है। श्री जोशी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर गुरुग्राम-दिल्ली बोर्डर पर यशोभूमि में एडीएसईआई और सीएआईटी द्वारा आयोजित डायरेक्ट सेलिंग– विमेन एंटरप्रेन्योर्स समिट 2026 के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। कार्यक्रम के शुभारम्भ अवसर पर श्री जोशी के साथ देश के कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, लोकसभा सांसद प्रवीण खंडेलवाल और एडीएसईआई के अध्यक्ष संजीव कुमार भी मौजूद रहे।

दीप प्रज्वलन के बाद अपने संबोधन में प्रहलाद जोशी ने कहा कि साल 2015 में डायरेक्ट सेलिंग इंडस्ट्री जहां महज 3 हज़ार करोड़ की थी वह आज बढ़कर तीस हज़ार करोड से ज्यादा की हो गई है। इस इंडस्ट्री से सरकार को आज लगभग 3600 करोड रुपए का टैक्स भी मिल रहा है। प्रहलाद जोशी ने आगे कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डायरेक्ट सेलर के हितों को ध्यान में रखते हुए नियम बनाए गए हैं और इस इंडस्ट्री को परिभाषित किया गया है।

कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि डायरेक्ट सेलिंग से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। महिलाओं की आत्मनिर्भरता से देश की अर्थव्यवस्था को भी बल मिलता है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और बहुत जल्द ही हम तीसरे पायदान पर पहुंच जाएंगे, निश्चय ही इसमें महिलाओं की एक बड़ी भागीदारी और भूमिका होगी। मेघवाल ने कहा कि डायरेक्ट सेलिंग महिलाओं की आर्थिक आज़ादी को ताकत दे रही है।

लोकसभा सांसद और सीएआईटी के जनरल सेक्रेटरी प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि डायरेक्ट सेलिंग से जुड़़कर महिलाएं अपने सपनों को साकार कर रही है। यह इंडस्ट्री महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक मजबूती प्रदान कर रही है।

इसी मौके पर एडीएसइआई के अध्यक्ष संजीव कुमार ने कहा कि साल 2014 के बाद से डायरेक्ट सेलिंग को नई पहचान मिली है। साथ ही यह इंडस्ट्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत, स्किल इंडिया और स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल जैसे लक्ष्यों में अहम और सीधी भूमिका निभा रही है।

 कार्यक्रम में गौतम बाली , हेम पांडे , जितेंद्र डागर, अरविंद अत्रि , चंद्र भान सिंह राजावत, डॉ भावना चौबे सहित एडीएसईआई के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर डायरेक्ट सेलिंग के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने सम्मानित किया।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *