Amar sandesh नई दिल्ली।संविधान क्लब ऑफ इंडिया के सचिव पद के लिए हुए चुनाव में सांसद राजीव प्रताप रूडी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अपनी ही पार्टी के पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान को हराया। इस जीत के साथ श्री रूडी लगातार 25 वर्षों से इस पद पर बने हुए हैं।
क्लब के चुनाव में इस बार केवल सचिव पद पर मतदान हुआ। खेल सचिव पद पर राजीव शुक्ला, संस्कृति सचिव पद पर तिरुचि शिवा और कोषाध्यक्ष पद पर जितेंद्र रेड्डी निर्विरोध चुने गए। सचिव पद पर हुए मुकाबले में कुल 680 से अधिक मत पड़े, जिसमें श्री रूडी ने लगभग 100 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
इस चुनाव में पहली बार डाक मत का प्रयोग किया गया। मतदान के दौरान कई वरिष्ठ राजनीतिक हस्तियां, जिनमें भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी शामिल रहे, ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
श्री रूडी ने जीत के बाद इसे विश्वास और निरंतरता की जीत बताया। उन्होंने अपने पैनल को समर्थन देने वाले सभी सांसदों का आभार व्यक्त किया।