“पौड़ी का उपेक्षित गेस्ट हाउस बना पर्यटन का नया केंद्र, सांसद अनिल बलूनी की पहल लाई रंग”
अमर चंद्र दिल्ली।पौड़ी जिले में एक समय वीरान और उपेक्षित पड़ा गेस्ट हाउस अब पर्यटकों के लिए एक सुंदर और विकसित स्थल बन चुका है। यह बदलाव संभव हो पाया है सकारात्मक सोच, त्वरित निर्णय और विकास के प्रति प्रतिबद्धता के चलते।
कुछ समय पहले गढ़वाल लोकसभा सांसद एवं भाजपा की राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने जिलाधिकारी के साथ पौड़ी भ्रमण के दौरान इस गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। जब उन्होंने देखा कि यह भवन एक सुंदर और आकर्षक स्थान पर होते हुए भी वर्षों से उपेक्षित पड़ा है, तो उन्होंने इसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का संकल्प लिया।
उन्होंने तुरंत पर्यटन विभाग के अधिकारियों से चर्चा की और तेजी से कार्यवाही शुरू की गई। विभाग की सक्रियता और सांसद की रुचि के चलते यह परियोजना बहुत कम समय में पूरी हो गई। अब यह भवन अपने नए और भव्य रूप में पर्यटकों का स्वागत करने के लिए तैयार है।
सांसद बलूनी का सदैव यह प्रयास रहा है कि उत्तराखंड और विशेषकर गढ़वाल क्षेत्र में विकास की गति तेज हो। जब भी वे पार्टी कार्यालय में किसी से मिलते हैं, तो अपने क्षेत्र की समस्याओं और विकास की संभावनाओं पर चर्चा जरूर करते हैं। वे चाहते हैं कि राज्य से पलायन रुके और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में स्वरोजगार के अवसर मिलें।
उनकी इसी सोच का परिणाम है कि आज पौड़ी का यह भवन एक बार फिर जीवंत हो उठा है और क्षेत्र के पर्यटन को नई दिशा देगा। यह पहल सिर्फ एक इमारत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक व्यापक अभियान की शुरुआत है, जो पूरे गढ़वाल क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ प्राकृतिक पर्यटन की दृष्टि से भी ऊंचाई तक ले जाने का काम करेगा।
उत्तराखंड प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर राज्य है। यहां की उपेक्षित जगहों को यदि सही दिशा और विकास मिले, तो यह राज्य देश-विदेश के पर्यटकों का आकर्षण केंद्र बन सकता है। पौड़ी का यह गेस्ट हाउस अब उसी दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।