Post Views: 0
Amar sandesh गुवाहाटी। पूर्वोत्तर क्षेत्र में स्टार्टअप और तकनीकी नवाचार की बढ़ती संभावनाओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से IIT गुवाहाटी में MC²+ Ignite Outreach Programme का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि उद्यमिता और तकनीक आधारित नवाचार पूर्वोत्तर की आर्थिक प्रगति तथा युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम IIT गुवाहाटी के डॉ. भूपेन हजारिका सभागार में आयोजित हुआ।
‘स्टार्ट-अप इकोसिस्टम इन द नॉर्थईस्ट रीजन’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में स्टार्टअप संस्थापकों, विद्यार्थियों, उद्यमियों, नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और शिक्षण संस्थानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में 200 से अधिक स्टार्टअप, 1,500 से ज्यादा पंजीकरण और करीब 1,000 विद्यार्थियों की भागीदारी रही, जो पूर्वोत्तर में नवाचार और उद्यमिता के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाती है।
कार्यक्रम में ऑयल इंडिया लिमिटेड एंकर पीएसयू के रूप में शामिल रहा। इस दौरान उभरते उद्यमों को प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के संगठनों और नवाचार से जुड़े हितधारकों के साथ संवाद का अवसर मिला। तकनीक विकास, उद्योग सहयोग, वित्तपोषण, तकनीकी समाधानों के क्षेत्रीय उपयोग तथा नवाचारों को बड़े स्तर पर ले जाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में असम सरकार के मुख्य सचिव डॉ. रवि कोटा, IIT गुवाहाटी के निदेशक प्रो. देवेंद्र जालिहाल, IIT मद्रास के इंस्टीट्यूट प्रोफेसर प्रो. अशोक झुनझुनवाला, ऑयल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. रंजीत रथ, नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक भास्कर ज्योति फुकन, MC² फाउंडेशन के सीईओ संदीप माहेश्वरी तथा असम सरकार के नवाचार एवं स्टार्टअप विभाग के सचिव डॉ. जीवन बसवराज सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
455 करोड़ रुपये का समर्पित कॉर्पस
MC² फाउंडेशन की परिकल्पना पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय (MoPNG) के तत्वावधान में देश में विकसित ऊर्जा तकनीकों को प्रयोगशाला से वास्तविक क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए एक राष्ट्रीय मंच के रूप में की गई है। ONGC, Oil India Limited, Indian Oil Corporation Limited, Bharat Petroleum Corporation Limited, Hindustan Petroleum Corporation Limited, GAIL और Petronet LNG सहित तेल एवं गैस क्षेत्र की CPSEs के समूह के सहयोग से संचालित इस मंच के लिए पांच वर्षों में 455 करोड़ रुपये का कॉर्पस निर्धारित किया गया है।
MC² भारत का पहला PSU-backed ऊर्जा नवाचार मंच बताया गया है और इसकी अध्यक्षता पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव डॉ. नीरज मित्तल कर रहे हैं। मंच का उद्देश्य तकनीकी नवाचार और उसके व्यावसायिक उपयोग के बीच की दूरी को कम करना है। इसके तहत राष्ट्रीय ग्रैंड चैलेंज, चरणबद्ध अनुदान, अकादमिक संस्थानों एवं CPSE अनुसंधान केंद्रों के साथ सह-विकास, PSU प्रतिष्ठानों में फील्ड पायलट, नियामकीय सहयोग तथा CPSE की जरूरतों के अनुरूप खरीद प्रक्रिया तक स्टार्टअप को पहुंच उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
गुवाहाटी में MC²+ इनोवेशन नोड का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने NRL Centre, गुवाहाटी में MC²+ Co-Working Space एवं Innovation Node का उद्घाटन किया। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस केंद्र में 50 से अधिक वर्कस्टेशन और 16 केबिन के साथ निवेशकों एवं तकनीकी सलाहकारों के लिए अलग कमरे बनाए गए हैं।
यह केंद्र पूर्वोत्तर के स्टार्टअप को आवश्यक बुनियादी ढांचा, विशेषज्ञता और उद्योग जगत से संपर्क उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर विकसित तकनीकों को बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की जरूरतों, विशेषज्ञता और क्षमताओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में हुई व्यापक भागीदारी ने यह संकेत दिया कि पूर्वोत्तर भारत उद्यमिता और तकनीकी नवाचार के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है। IIT गुवाहाटी, Oil India Limited और अन्य संबंधित संस्थाओं ने क्षेत्रीय स्टार्टअप को आगे बढ़ाने, उन्हें बड़े स्तर पर विकसित करने और भारत की तकनीक आधारित विकास यात्रा में योगदान देने के लिए सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
Related